- मौसम पर भारी पड़ी वोट की सिद्दत

- हर किसी को बूथ तक पहुंचाने की मची होड़

GORAKHPUR: ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण में मौसम की नरमी बेअसर रही। मतदाताओं की शिद्दत से मतदान केंद्रों पर सरगर्मी बनी रही। कोहरे की चादर के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू होने पर इक्का-दुक्का मतदाता बूथ पर नजर आए। सुबह-सुबह पोलिंग सेंटर पर पसरे सन्नाटे ने प्रत्याशियों को डरा दिया। हालांकि दोपहर बाद जब वोटर घरों से निकले तो पोलिंग में तेजी आ गई। शाम पांच बजे मतदान खत्म होने तक वोट का बढ़ा प्रतिशत देखकर सभी प्रत्याशियों के चेहरे की रौनक लौट आई।

घर से बाहर निकाला एक-एक वोट

पांच ब्लॉक के बीच मतदान के आंकड़ों में ब्रह्मपुर ब्लॉक औसत रहा। सुबह सात बजे से लेकर नौ बजे के बीच महज 10 प्रतिशत पोलिंग से प्रत्याशी परेशान हो गए। इसके बाद प्रत्याशियों ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं को गांव में भेज दिया। घर-घर जाकर कार्यकर्ता लोगों से वोट डालने की अपील करने लगे। कार्यकर्ता तब तक लोगों के दरवाजे पर डटे रहे जब तक उनका वोट पोल नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं के बीच मची होड़ से कई बार कहासुनी की नौबत आई। हंगामा होने की सूचना पर पुलिस कर्मचारियों ने कार्यकर्ताओं को अपने तरीके से सबक सिखाकर ठीक किया।

ढला सूरज, बढ़ा मतदान प्रतिशत

ब्रह्मपुर ब्लॉक के विभिन्न मतदान केंद्रों पर दोपहर बाद मतदान का प्रतिशत बढ़ गया। शाम साढ़े चार बजे तक सभी केंद्रों पर मतदान का औसत 65 प्रतिशत रहा। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे नौ प्रतिशत, 11 बजे तक 25 प्रतिशत, दोपहर एक बजे 45 प्रतिशत, दोपहर तीन बजे 63 प्रतिशत और शाम साढ़े चार बजे 65 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान का प्रतिशत बढ़ने पर प्रत्याशी गदगद नजर आए। जीत-हार के आंकलन की चर्चा शुरू हो गई।