RANCHI : 15 लाख का ईनामी नक्सली मंजीत साहू 13 मार्च को लोहरदगा पुलिस के सामने सरेंडर कर सकता है। वह इन दिनों पुलिस के संपर्क में है और अपने संगठन तथा साथियों के बारे में पुलिस को अपडेट कर रहा है। मालूम हो कि झारखंड जन मुक्ति परिषद् के रिजनल कमिटी का मंजीत सदस्य है।

आठ मामलों में वांटेड

वह मूल रूप से लोहरदगा जिले के ही किस्को थाना क्षेत्र के आरेया गांव का रहने वाला है। उसका वर्तमान कार्यक्षेत्र लोहरदगा, सेन्हा, बगड़ू, जोबांग, किस्को, सेरेंगदाग, गुमला, घाघरा, विशुनपुर आदि सीमांत इलाके में भी है। उसके खिलाफ लोहरदगा जिले के विभिन्न थानों में आठ कांड अंकित है। इनमें किस्को थाने में दो, सेन्हा थाने में तीन व लोहरदगा थाने में दो कांड दर्ज है।

दीपक डाल चुका है हथियार

पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि लोहरदगा पुलिस के सामने जोनल कमांडर दीपक उरांव आत्मसमर्पण कर चुका है। दीपक उरांव पुलिस को नक्सल ठिकाने, उग्रवादियों के माध्यम से बिछाए गए विस्फोटक आदि की जानकारी दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस को लगातार सफलताएं मिल रही हैं। वह मूल रूप से लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में टोटो गांव का रहने वाला है।