-लंका में क्रिकेट खेलने के दौरान मारपीट की हुई घटना को पुलिस के नजरअंदाज करने से बढ़ा मन

-मनबढ़ों ने फिर की मारपीट और हवाई फायरिंग, चार नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

VARANASI

लंका थाना क्षेत्र के सुसुवाही स्थित विवेक नगर कॉलोनी में रविवार को करीब दो घंटे तक पथराव, मारपीट व फायरिंग होती रही लेकिन इतने उपद्रव के बाद भी पुलिस का घंटों अता-पता नहीं था। वह भी तब जबकि हमलावरों ने इस दौरान घरों में घुस कर मारपीट करने के साथ ही महिलाओं से बदसलूकी तक की। जमकर तांडव करने के बाद हमलावर धमकी देकर असलहा लहराते हुए भाग निकले। आरोप है कि घटना होने के दौरान लोगों ने सुबह आठ बजे 'यूपी क्00' पर सूचना भी दी लेकिन पुलिस दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस मामले में पीडि़त परिवार की तरफ से पांच नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। क्षेत्र में तनाव देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

नसीहत देने पर उतारा गुस्सा

बीएसएनएल में मैकेनिक पद पर तैनात लक्ष्मीकांत राय विवेक नगर कॉलोनी में अपना मकान बनवाकर रह रहे हैं। मकान के सामने बड़ा मैदान है। इनका बेटा प्रकाश सुसुवाही बाजार में मोबाइल की दुकान चलाता है। शुक्रवार की दोपहर वह दुकान से खाना खाने घर आ रहा था। घर के पास पहुंचा ही था तभी मैदान में खेल रहे बच्चों की गेंद उसे लग गई। इस पर उसने क्रिकेट खेलने वालों को ठीक से खेलने की नसीहत दी। बस इसी बात पर मनबढ़ लड़के भड़क गए और प्रकाश को पीटने लगे। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे वेद प्रकाश, राजू राय व मुकेश को भी मनबढ़ों ने पीट दिया। परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल 'यूपी क्00' पर दी। लेकिन पुलिस काफी लेट से पहुंची। जिसके बाद घायल प्रकाश ने थाने पहुंचकर आशीष, संजय व नीरज सहित कई अज्ञात के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।

महिलाओं को भी नहीं बख्शा

हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई न होने से वे रविवार की सुबह छह बजे कॉलोनी के मैदान में दोबारा इकट्ठा हुए। पड़ोस की कॉलोनी आदित्य नगर के युवकों की भारी जुटान व मारपीट करने की आशंका को देख सुबह आठ बजे फिर 'यूपी क्00' पर सूचना दी गई। पुलिस के नहीं आने पर दर्जनों की संख्या में जुटे युवकों ने कई घरों पर पथराव करने के साथ ही सुबह टहलने निकले लोगों को भी पीटा। बदमाशों ने महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की। दो घंटे तक उपद्रव करने के बाद मनबढ़ों ने कई राउंड हवा में गोलियां भी चलाई। सूचना देने के लगभग दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस के प्रति भी लोगों में गुस्सा था।