- साकेत कॉलोनी में डॉक्टर विकास जैन के भाई के यहां वारदात

- कोठी के सामने ठेल लगाने वाला वृद्ध ही करता था चौकीदारी

आगरा। थाना शाहगंज के साकेत कॉलोनी में पुलिस बूथ के सामने हत्या से सनसनी फैल गई। इंजीनियर परिवार समेत मुम्बई गए थे। घर चौकीदार के हवाले कर गए थे। शनिवार रात बदमाशों ने कोठी में घुस चौकीदार को मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद लूट को अंजाम दिया। इंजीनियर के डॉक्टर भाई मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुछ दिन पहले हुआ था काम

साकेत कॉलोनी, कोठी नंबर-1 निवासी ब्रजेश जैन इंजीनियर हैं। दो मंजिला कोठी में पहले इनके छोटे भाई डॉ। विकास जैन साथ में रहते थे। कई वर्ष पूर्व वह परिवार के साथ गोविंदपुरी चले गए। वहां पर ही उनका क्लीनिक व कोठी है। तीन हफ्ते पहले तक उनके यहां पर लेबर ने रिपेयरिंग का काम किया। इसके बाद काम बंद हो गया। कोठी के सामने किरावली निवासी 65 वर्षीय रामभरोसी ठेल लगाता था। ब्रजेश जैन पिछले दो तीन साल से यदि कहीं बाहर जाते थे, तो रामभरोसी को एक चाबी देकर जाते थे। वह अपनी ठेल उन्हीं की कोठी में खड़ी करता था। उनके यहां पर एक पालतू डॉग है, उसकी देखरेख और खाने पीने की जिम्मेदारी भी रामभरोसी को देकर जाते थे।

पहली मंजिल पर पड़ा मिला शव

ब्रजेश जैन के बेटे मुम्बई में रहते हैं। 16 जुलाई को वह पत्नी विभूति जैन के साथ बेटे के पास गए थे। घर की जिम्मेदारी रामभरोसी पर छोड़ गए थे। रामभरोसी रोज सुबह छह बजे अपनी ठेल लगा लेता। उसका बेटा गजेंद्र नजदीक की कोठी में काम करता है। वहीं पर सोता था। रविवार सुबह जब बेटा उठा तो उसने पिता की ठेल नहीं देखी। बेटा कोठी का गेट खोल कर अंदर आया। सामने वाले गेट पर चेन और ताला पड़ा था। लेकिन नीचे से निकलने के लिए रास्ता था। वह ऊपर के कमरे में पहुंचा। ऊपर कमरे का गेट खुला हुआ था। जैसे ही वह कमरे के अंदर गया, तो उसकी चीख निकल गई। पिता का शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। हाथ पैर बंधे थे.एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह मय फोर्स के पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। बराबर वाली छत पर उनका डॉग बंधा हुआ था। दरवाजे पर ताला था। मौके पर हालात लूट की ओर इशारा कर रहे थे।

जाली तोड़ कर घुसे बदमाश

कोठी के सामने ही पुलिस बूथ है। वहां पर पुलिसकर्मी अक्सर तैनात रहते हैं। इसके बाद भी बदमाशों ने दुस्साहस दिखाया। पहली मंजिल पर तीन कमरों के लॉक तोड़े, सारा सामान बाहर बिखरा पड़ा था। डॉ। विकास जैन मौके पर आ गए। बदमाश कितना माल लूट ले गए हैं, इसका पता इंजीनियर भाई के आने पर ही पता चल सकेगा। बदमाशों ने कोठी में जाने के लिए पहली मंजिल पर सीमेंट की जाली तोड़ी। माना जा रहा है कि बदमाश सड़क से सीधे छत पर आए। पहले जाली तोड़ी फिर अंदर प्रवेश कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर चौकीदार को बांध कर घसीटा। उसका दम घुटने से मौत हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं है। इसके बाद बदमाश मुख्य द्वार से बाहर निकले।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने चौकीदार के बेटे गजेंद्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस मामले में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस को कोठी के पीछे एक बिल्डिंग के कैमरे से कोई सुराग मिला है।