कूड़े में लगने वाली आग को नियंत्रित करने का किया इंतजाम

-गर्मी में बढ़ जाती है कूड़े में आग लगने की घटनाएं

VARANASI

मौसम का मिजाज गर्म होने लगा है। इसके साथ ही आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। शहर में आग की बड़ी वजह जगह-जगह जमा कूड़े के ढेर भी होते हैं। तमाम कारणों से इसमें आग लग जाती है जो इंसानी बस्ती तक पहुंच जाती है। जब तक कोई कुछ करता है तब तक जान-माल का नुकसान कर देती है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने खुद प्रयास शुरू किया है। छोटे वाटर टैंकर मंगाया गए हैं जिसके जरिए कूड़े की आग को बुझाया जा रहा है।

तत्काल पहुंच रहे मौके पर

कूड़े में लगने वाली आग को बुझाने के लिए नगर निगम के कर्मचारियों की टीम बनायी गयी है। आग की सूचना मिलते ही टीम वाटर टैंकर लेकर मौके पर पहुंच जा रही है। आग को जल्द से जल्द बुझा दे रही है। आग बुझाने में पानी की बर्बादी ना हो इस बात का खास ख्याल रखा गया है। वाटर टैंकर इस तरह से तैयार है कि लाते या जाते समय पानी गिरकर बर्बाद नहीं होता है। पानी के छिड़काव के लिए स्प्रिंकलर लगाया गया है। इसके जरिए कम पानी खर्च करके ही आग बुझा दिया जाता है। टैंकर छोटा होने की वजह से आसानी से कहीं पहुंच जाता है।

खतरनाक है ये आग

कूड़ा निस्तारण के प्रति शहरवासियों और खुद नगर निगम के गंभीर ना होने की वजह से ढेरों समस्याएं होती हैं। इनमें से ही एक आग भी है। शहर में डेली 700 मिट्रिक टन कूड़ा होता है। इसमें से म्0 से 70 परसेंट कूड़ा ही शहर से दूर जा पाता है। इसके चलते बैकलॉग बना रहता है। कूड़े में आग के प्रति संवेदनशील पदार्थ भी मौजूद होते हैं। गर्मी की वजह से उनमें आग लग जाती है। वहीं लोग जलती बीड़ी-सिगरेट आदि भी फेंक देते हैं। जिससे आग लग जाती है। समय रहते उसे बुझाया नहीं जाता है तो बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

रहें जरा सावधान

-कूड़े की वजह से लगने वाली आग के प्रति सभी को सावधान रहना चाहिए

-अपने घर के आसपास कूड़े का ढेर नहीं लगने दें

-कूड़े में ऐसा कुछ नहीं डालें जिसमें आग तेजी से लगती है

-आग लगने की स्थिति में फायर ब्रिगेड और नगर निगम को सूचना दें

-आग से उठने वाला धुआं जहरीला हो सकता है खुद को और बच्चों को इससे दूर रखें

किसी भी तरह कूड़े में आग ना लगे इसके लिए कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिये गए हैं। अगर किसी कारण से आग लग जाती है उसे जल्द से जल्द नियंत्रित करने को कहा गया है।

श्रीहरि प्रताप शाही, नगर आयुक्त