- पब्लिक की शिकायत से लेकर कर्मचारियों के काम की आनलाइन हो रही निगरानी

आगरा। शहर की सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग हाईटेक कर दी गई है। एक कक्ष से मुख्य सड़कों, वार्डो की सफाई, लोगों की शिकायतों के समाधान और कर्मियों की निगरानी की जा रही है। इसके अब शत -प्रतिशत रिजल्ट की दिशा पर जोर दिया जा रहा है।

ऑनलाइन अपडेट रहेगी जानकारी

नगर निगम ने 'वेस्ट कलेक्शन मॉनिटरिंग सिस्टम' लागू किया है। इसमें मुख्य रोड की सफाई, वार्डो की सफाई, कूड़े के उठान, डलावघरों से कूड़ा उठने से पहले और बाद की स्थिति की हर पल की आनलाइन अपडेट ली जा रही है। वहीं कचरा गाडि़यों के आने-जाने पर भी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही पब्लिक की शिकायत का निवारण की निगरानी भी इसी सिस्टम से की जा रही है। इससे बेहतर सफाई और काम की मॉनिटरिंग बेहतर है। ये सिस्टम अब ज्यादा चुस्त और दुरुस्त करने की कवायद है।

सिस्टम ऐसे करता है काम

नगर निगम ने अपना एक वेबपोर्टल यूपीईजीओवी.कॉम/एएनएन/तैयार किया है। इससे सफाईकर्मियों और कचरा गाडि़यों की मॉनिटरिंग हो रही है। सुबह से शाम तक तय सफाई के स्थल की पूर्व और बाद की फोटो खींचकर डालना है। इसी तरह डलावघर की स्थिति भी बतानी है। ये फोटो पोर्टल में पड़ते ही निगम के कक्ष की बड़ी स्क्रीन में सामने आ जाएंगे और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं सफाई गाडि़यों में जीपीएस से हर पल की जानकारी मिलती रहती है। गाड़ी बंद होने पर भी गाड़ी की लोकेशन दिखाई देती है। इससे डीजल की बचत भी हो रही है।

पब्लिक की शिकायत का समाधान

नगर निगम ने पब्लिक की शिकायत के लिए विशेष पोर्टल तैयार किया है। इसमें पब्लिक गंदे स्थान की फोटो खींचकर स्थान का नाम लिखकर देते हैं। ये सीधे स्क्रीन में शो करती हैं और उनकी शिकायतों के हल का भी अपडेट लिया जाता है।