JAMSHEDPUR: सूरज देवता ने सोमवार से आग के गोले बरसाना शुरू कर दिया है। दिन के दस बजे से ही तेज धूप अपना अहसास कराती रही। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छूने को बेताब रहा। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस माह के गर्मी का सर्वोच्च आंकड़ा है। गर्मी से सबसे अधिक स्कूली विद्यार्थी हकलान नजर आ रहे थे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आने वाले दिनों में मौसम बदलता रहेगा, लेकिन इस दौरान तापमान का बढ़ना जारी रहेगा। विभागीय पूर्वानुमान में 21 अप्रैल को शहर में बारिश होने की संभावना है।

चार दिनों में चार डिग्री चढ़ा पारा

सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले चार दिनों में शहर का अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। इस माह के प्रारंभ में शहर का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो अब बढ़कर 39.0 डिग्री पर है। तापमान के 39 डिग्री पहुंचते ही इसका असर देखा जाने लगा है। गर्मी बढ़ने के कारण सोमवार को दोपहर में सड़क और बाजार में लोगों की भीड़ कम रहा। स्कूली बच्चे छुट्टी के बाद तेज धूप से बचते नजर आ रहे थे। घर और दफ्तरों में एसी कूलर चलने लगे। शर्बत और शीतल पेय की दूकानों में खरीदारों की भीड़ रही।