- लगातार बढ़ दर्ज करा रहा पारा, मैक्सिमम 36 और मिनिमम पहुंचा 17 के पार

BAREILLY:

हवाओं की बदली दिशा से गायब हुई नमी से शहरवासियों के झुलसने का सिलसिला शुरू हो गया है। 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा पारा ने आग उगलना शुरू कर दिया है। जिसके चलते लोगों को दिन और रात कहीं भी सुकून नहीं मिल पा रहा है। वहीं, वेदर एक्सप‌र्ट्स के मुताबिक पारा अब जल्द लुढ़कने वाला नहीं है। मंडे को भी पारा करीब 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, रात का तापमान भी करीब 17 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। बताया कि हवाओं की दिशा उत्तर पश्चिम के बजाय उत्तर पूर्व होने से नमी कम हो गई है। जिससे हवा में गर्माहट बढ़ रही है।

क्यों गर्म हो रहा है पारा

आंचलिक मौसम विज्ञान अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर जेपी गुप्ता के मुताबिक तापमान किसी एक कारण से नहीं बढ़ता। इसके कई कारण होते हैं। पहला तो अलनीना, अलनीनो प्रभाव होता है। जो सक्रिय होते हैं तो सर्दी, गर्मी और बारिश अधिक होती है। दूसरा है ग्लोबल वार्मिग। इसके साथ ही पेड़ों की कटाई, घटते वन क्षेत्र और लगातार बढ़ता जा रहा प्रदूषण भी पारा बढ़ने की वजहें है। इसके साथ ही, भौगोलिक स्थिति, मौसम के तात्कालिक कारणों से भी तापमान में भारी वृद्धि की आशंका है। जिससे शहरवासी परेशान होंगे। आगामी दिनों में तापमान के बढ़ने की पूरी संभावना जताई है।