RANCHI : रांची के 'कूल वेदर' पर फिदा होनेवालों को इस साल गर्मी में मायूस होना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है इस साल रांची सहित पूरे झारखंड में मौसम ज्यादा गर्म रहनेवाला है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लेकर मई तक तापमान सामान्य से अधिक होगा। इस साल जनवरी का महीना बीते 116 सालों में सबसे अधिक गर्म रहा।

देश का पश्चिमोत्तर हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित

मौसम विभाग की वेबसाइट आईएमडी ने मार्च से मई के लिए जारी अपने ग्रीष्मानुमान में कहा है कि देश का पश्चिमोत्तर हिस्सा गर्मी से सबसे अधिक प्रभावित रहेगा, जहां तापमान सामान्य से एक डिग्री से भी ज्यादा रहेगा। देश के बाकी हिस्से में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। देश के जिन राज्यों में गर्मी बहुत ज्यादा पड़ने वाली है, उनमें झारखंड-बिहार के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना शामिल हैं।

किसी एक कारण से नहीं चढ़ता पारा

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा कहते हैं कि तापमान किसी एक कारण से नहीं बढ़ता। इसके कई कारण होते हैं। पहला तो अलनीनो प्रभाव और दूसरा ग्लोबल वार्मिग के साथ ही पेड़ों की कटाई, घटते वन क्षेत्र और लगातार बढ़ता प्रदूषण है। विभाग के दिल्ली मुख्यालय ने इस बार पहले ही रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही भौगोलिक स्थिति, मौसम के तात्कालिक कारणों से भी तापमान में भारी वृद्धि की आशंका है।

धूप से तपिश बढ़ी, रांची का पारा 35 के पार (बॉक्स)

दोपहर में कड़ी धूप के कारण गर्मी का एहसास होने लगा है। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। झारखंड में सबसे अधिक जमशेदपुर का तापमान रहा। यहां अधिकतम 39.6 और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम 36, न्यूनतम 18, चाईबासा में अधिकतम 35.8 और न्यूनतम 20.2, डालटनगंज में अधिकतम 38.6 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के अनुसार 24 मार्च को रांची समेत आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम 35 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 25 मार्च को भी ऐसी ही स्थिति रहेगी।

तारीख अधिकतम तापमान

30 अप्रैल 38 (डि.से.)

1 मई 38 (डि.से.)

2 मई 37 (डि.से.)

3 मई 39 (डि.से.)

4 मई 38 (डि.से.)

5 मई 39 (डि.से.)

6 मई 39 (डि.से.)