- पूर्वा हवा के चलते बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी फिर से बन सकती है बूंदाबांदी की वजह

- एक-दो दिनों में करवट ले सकता है मौसम

VARANASI :

आप अगर तेज धूप और गर्मी से परेशान हैं तो आपको इस गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। क्योंकि मौसम एक बार फिर से करवट ले सकता है। इसकी वजह है बंगाल की खाड़ी से यूपी को मिल रही नमी और चल रही पूर्वा हवा। इसके कारण आने वाले एक से दो दिनों में मौसम के कड़े तेवर कुछ नर्म पड़ने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बदलाव के कारण गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।

गर्मी छुड़ा रही पसीना

मौसम के कड़े रूख से अब पब्लिक को गर्मी के आने का एहसास होने लगा है। रविवार की दोपहर झुलसा देने वाली धूप के कारण सड़क पर निकले लोग परेशान दिखे और सूरज की तल्खी से बचने के लिए छांव तलाशते दिखे। मौसम वैज्ञानिक प्रो। एसएन पाण्डेय का कहना है कि सही मायने में गर्मी का जो चक्र होता है वह शुरू हो चुका है। लेकिन अब तक गर्मी अपनी पीक पर नहीं थी। अब गर्मी बढ़ रही है। लोकल हीटिंग के कारण मौसम जल्द ही फिर से बदल सकता है। इसकी वजह होंगे दो-तीन बदलाव। पहला है पूर्वा हवा का चलना व दूसरा है इस हवा की वजह से बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी। इनका मिक्स्चर मौसम को बदलने की वजह बन सकता है। इससे बारिश होने की भी प्रबल संभावना है। एक-दो दिनों में गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिक प्रो। पाण्डेय की मानें तो लोकल हीटिंग के कारण ही यूपी के कई जिलों में मौसम बदला भी है और आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है।