भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद होगा प्रथम आगमन

ALLAHABAD: भाजपा महानगर कार्यालय पर शनिवार को हुई आवश्यक बैठक में भाजपा ग्रहण करने के बाद मेयर अभिलाषा गुप्ता और पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के शहर आगमन पर जोरदार स्वागत का निर्णय लिया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या द्वारा दोनों को भाजपा में शामिल किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी से सड़क मार्ग से रविवार को आ रहे पूर्व मंत्री व मेयर का दोपहर बारह बजे शास्त्री पुल पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद भाजपा के विचारक पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर दोनों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने की। इस मौके पर संजय गुप्ता, डॉ। प्रेमलता श्रीवास्तव, विक्रम सिंह भदौरिया, कुंज बिहारी मिश्रा, श्याम चंद्र, रवि केसरवानी, प्रण विजय सिंह, अनूप कुशवाहा, मनोज पांडेय, राजेश केसरवानी आदि उपस्थित रहे।