-सात साल पहले मायके में किराएदार हो गए थे प्रेम संबंध

-शादी के बाद भी प्रेमी को नहीं भूल पायी

BAREILLY : पत्नी के प्रेमी को पकड़ने के लिए पति ने व्हाट्सएप हैक कर लिया। पत्नी के फोन पर प्रेमी के जितने भी मेसेज आते थे, उसे पति पढ़ लेता था। इस बीच पत्नी मायके गयी, तो उससे मिलने प्रेमी घर में पहुंच गया। चुगलखोर व्हाट्सएप पर मेसेज पढ़ते ही पति राजेन्द्र नगर स्थित ससुराल में धमक पड़ा और पत्नी के प्रेमी को घर में पकड़ लिया। इसके बाद डॉयल 100 पुलिस के हवाले कर दिया।

एक साल पहले हुइर् थी शादी

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर बांके विहारी मंदिर के पास रहने वाली एक युवती की शादी एक साल पहले खुर्जा से हुई थी। महिला का पति खुर्जा में ही एक किराना स्टोर संचालक है। शादी के बाद महिला अक्सर फोन पर बात किया करती थी, जिसे देखकर पति को शक हो गया। पति का आरोप है कि जब वह घर में होता तो पत्नी अपना फोन नहीं देखने देती और व्हाट्सएप मेसेज डिलीट कर देती थी। मौका पाकर एक दिन पति ने पत्नी के मोबाइल का व्हाट्सएप हैक कर लिया, जिसके बाद पत्नी के फोन पर आने वाले मेसेज पति अपने फोन पर पढ़ने लगा।

मेसेज पढ़ने पर पहुंच गया

करीब एक 10 दिन पहले महिला ससुराल खुर्जा से मायके राजेन्द्र नगर आ गई। महिला की मां किसी रिश्तेदारी में काम से करीब एक सप्ताह पहले गई थी। इसी दौरान महिला ने मौका मिलते ही नोएडा में जॉब करने वाले प्रेमी को फोन करके पांच दिन पहले बुला लिया, और मुलाकात की। इसकी जानकारी महिला के पति को नहीं हुई। थर्सडे को प्रेमी ने व्हाट्सएप पर मेसेज किया और बताया कि वह फ्राइडे को फिर उससे मिलने आ रहा है, तो पति के कान खड़े हो गए। पति अपने बहनोई के साथ शहर ससुराल पहुंचा, तो देखा महिला प्रेमी के साथ अकेले घर में मौजूद थी। महिला ने पति को देखते ही प्रेमी को छिपा दिया, लेकिन पति ने उसे खोज निकाला और उसकी पिटाई कर दी और यूपी 100 पुलिस को फोन करके बुला लिया।

महिला प्रेमी के खिलाफ नहीं बोल रही

पुलिस पूछताछ में प्रेमी ने बताया कि जालौन का रहने वाला है और सात साल पहले युवती के मकान में किराए पर रहता था। इसी दौरान उसके प्रेम संबंध हो गए। वह यहां से चला गया, लेकिन उसका मिलना- जुलना जारी रहा। प्रेमी को पकड़ कर पुलिस थाने ले गई, लेकिन महिला प्रेमी के खिलाफ एक भी शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं हुई।