- पति ने पत्नी के साथ बर्बरता की हदें पार कर दी

- बेलीपार में महिला ने दर्ज कराया केस

GORAKHPUR:

अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने पत्‍‌नी के साथ बर्बरता की हदें पार कर दी। उसने पत्‍‌नी का इस कदर उत्पीड़न किया कि कहानी सुनकर हर किसी का कलेजा कांप उठा। लेकिन पुलिस नहीं पसीजी। पति ने महिला को पीटा, उसके नाजुक अंगों को इलेक्ट्रिक आयरन से दागा। फिर भी जी नहीं भरा तो उसे लैट्रिन खिलाकर पेशाब पिलाया। महिला की दरख्वास्त पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई का कोरम पूरा कर लिया। लेकिन आरोपी पति की गिरफ्तारी की जहमत नहीं उठाई। पति की गिरफ्तारी के लिए महिला पुलिस अधिकारियों का चक्कर लगा रही है। देर शाम एसओ ने बताया कि आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया गया है।

नाजुक अंगों को दागा

कोतवाली एरिया के हजारीपुर निवासी एक महिला की शादी बेलीपार, एकला पिपरी निवासी अवधेश जायसवाल के साथ हुई थी। आरोप है कि सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ निवासी एक युवती से अवधेश का प्रेम संबंध चल रहा है। प्रेमिका के चक्कर में वह अपनी पत्‍‌नी का उत्पीड़न करने लगा। ताकि दोनों के बीच रिश्ता खत्म हो जाए। तरह-तरह के बहाने बनाकर वह पत्‍‌नी के साथ ज्यादती करने लगा। बात न बनने पर उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी।

घर में बंधक बनाकर जलाया

महिला ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में उसके पति का उत्पीड़न बढ़ गया। 22 जून की रात करीब 10 बजे पति और पति की प्रेमिका ने महिला को कमरे में बंद कर दिया। पति ने डंडों से महिला के नाजुक अंगों पर पिटाई की। पिटाई से मन न भरने पर उसने पत्‍‌नी के नाजुक अंगों को इलेक्ट्रिक आयरन से जलाया। महिला से जबरन दंड बैठक कराई। इससे भी पति का जी नहीं भरा तो उसने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी।

बाहर नहीं जाने दिया

महिला ने आरोप लगाया कि पति के उठक-बैठक कराने से उसे नैचुरल काल की जरूरत महसूस हुई। लेकिन पति ने कमरे से बाहर निकलने नहीं दिया। अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगकर पत्‍‌नी ने कमरे से बाहर जाने की इजाजत मांगी। लेकिन निर्दयी पति ने महिला पर रहमदिली नहीं दिखाई। महिला के नेचुरल कॉल करने पर उसे लैट्रिक खिलाकर पेशाब पिलाया। महिला के हाथ-पांव जोड़ने पर पति ने हत्या की धमकी दी।

किसी तरह पहुंची थाने, दर्ज हुआ मुकदमा

एक दिन बाद पति की ज्यादती से जान बचाकर महिला किसी तरह से मायके पहुंची। मायके वालों की मदद से उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। महिला को बेलीपार थाना में जाकर तहरीर देने की सलाह दी गई। मायके के लोगों को साथ लेकर महिला बेलीपार थाना पहुंची। तहरीर देकर उसने पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ मारपीट, जानमाल की धमकी देने, दहेज के लिए उत्पीड़न, खतरनाक साधनों का इस्तेमाल करके नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई।

दौड़ा रहे दरोगा, नहीं हो रही कार्रवाई

शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों से मिलकर महिला ने कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि विवेचक दरोगा इस मामले में लापरवाही कर रहे हैं। महिला ने आशंका जताई तक पुलिस के रवैये से उसे न्याय नहीं मिल पाएगा। महिला ने मुकदमे की विवेचना किसी दूसरे थाने में ट्रांसफर करने की मांग की। महिला के पत्र पर एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। देर शाम पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया।

आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया गया है। उसने महिला के साथ ज्यादा की है। जांच में इसकी पुष्टि हुई है।

आनंद प्रकाश शुक्ला, एसओ बेलीपार