GORAKHPUR: लाख कोशिशों के बाद भी दहेज के लिए उत्पीड़न और महिलाओं पर हो रही घरेलु हिंसा रुक नहीं रही है। महिला हित के लड़ाई की बात करने वाली महिला नेता पर ही उसकी बहू ने दहेज के लिए जुल्म की सारी हदें पार करने का आरोप लगाया है। सैटर्डे को प्रेसक्लब पहुंची विवाहिता ने बताया कि शादी के दो तीन महीने बाद ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। उसे आग से जलाया गया, कई बार पिटाई की गई। पति ने सरे आम पिटाई कर काफी दूर तक उसे बाइक से घसीटा। उसने इसकी शिकायत पुलि से की लेकिन ससुरालियों के रसूख के आगे उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। कई बार गुहार लगाने के बाद एनसीआर दर्ज कर टरका दिया गया।

प्रेस क्लब पहुंच कर सुनाई जुल्म की दास्तां

सैटर्डे को प्रेस क्लब पहुंची विवाहित अर्चना उर्फ बेबी ने जब उस पर ढाए गए जुल्म की दास्तां सुनाई तो वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। विवाहिता ने बातया कि 2012 में उसकी शादी कैंट थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी निवासी विश्राम सिंघानिया के बेटे दीपक सिंघानिया से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद पिता से रुपए मांगने के लिए उस पर दबाव पड़ने लगा। जबकि उसके पिता ने शादी में मुंहमांगी रकम और सामान दिया था। ससुरालियों ने कई उसे घर से भाग जाने के लिए कहा। परेशान होकर वह अपने पिता के पास कोलकाता चली गई।

किराए के मकान से भी निकाला

कुछ महीनों बाद पति उसे लेने के लिए कोलकाता पहुंच गया। सास और नदद के घर में घुसने से मना करने पर महिला थाने में एक सुलहनामा कर अपने डेंटिस्ट पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी लेकिन कुछ दिन बाद पति ने घर आना बंद कर दिया। किराया न मिलने के कारण मकान मालिक ने उसे घर से निकाल दिया।

बाइक से टक्कर मार घसीटा

जिसके भरोसे वह पूरा जीवन काटना चाहती थी रुपए के लिए वही उसकी जान का दुश्मन बन चुका है। विवाहिता ने बताया कि एक दिन वह घर के बाहर खड़ी थी तभी उसका पति बाइक से आया। वह बाइक से ठोकर मारकर उसे 50 मीटर तक घसीटता रहा। पीडि़ता ने पुलिस अफसरों से इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस ने इस गंभीर मामले में हल्की धारा दर्ज कर अपना पल्ला झाड़ लिया।

मंजू सिंहानिया ने लगाया था मायावती पर आरोप

दीपक सिंघानिया की मां मंजू सिंहानिया पीस पार्टी की नेत्री हैं। करीब एक वर्ष पहले बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर रुपए लेकर टिकट लेने का आरोप लगाकर वो चर्चा में आई। इन्होंने सिद्धार्थनगर के इटवा विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी की थी।