-कैंट में झगड़ा होने पर पति ने महिला के गायब होने की दी तहरीर

-महिला ने धर्म परिर्वतन कर किया था विवाह, घरवालों ने कर दिया था बेदखल

BAREILLY: कैंट में पति-पत्‍‌नी में झगड़ा हो गया, लेकिन पत्‍‌नी से पहले पति ने थाना में लिखित तहरीर दे दी कि उसकी पत्‍‌नी झगड़े के बाद 6 महीने के बच्चे को लेकर चली गई है। पुलिस पत्‍‌नी को ढूंढती इससे पहले ही वह थाना पर मारपीट की शिकायत लेकर पहुंच गई। अब पुलिस उसके पति की तलाश कर रही है।

ढाई साल पहले हुई थी शादी

चनेहटी निवासी आनंद कुमार ने कैंट थाना में तहरीर दी कि उसकी ढाई साल पहले सदर बाजार निवासी आसमा से लव मैरिज हुई थी। उसके 6 माह का बच्चा भी है। 6 सितंबर को उसका आसमा से विवाद हो गया था। जिसके बाद आसमा अपने मायके चली गई थी, लेकिन वह बाद में समझौता कर उसे घर वापस ले आया था। मंडे रात को उसकी आसमा से कहासुनी हो गई, जिसके बाद आसमा घर से 6 महीने के बच्चे को लेकर चली गई और उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।

पति ने की थ्ाी पिटाई

ट्यूजडे दोपहर जब आसमा पहुंची तो उसने बताया कि उसने घरवालों से अलग जाकर शादी की थी। जिसके बाद मोहल्ले वालों के दबाव में उसे घरवालों ने बेदखल भी कर दिया था। मंडे रात भी पति ने पिटाई की तो उसने थाना में शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने पति को पकड़ने की बात कही थी लेकिन इसी दौरान पति उल्टा उसके खिलाफ लिखित शिकायत देकर चला गया। इस बार जब वह अपने मायके गई तो मोहल्ले वालों ने इसका विरोध किया।