- बांसगांव एरिया के नागेंद्र हत्याकांड का खुलासा

- महिला, उसके पे्रमी सहित तीन को किया अरेस्ट

GORAKHPUR: बांसगांव एरिया के गोपालपुर, संवरुपुर निवासी रिपर संचालक नागेंद्र की हत्या उसकी पत्नी की सहमति पर प्रेमी ने की थी। शनिवार को महिला, उसके प्रेमी और सहयोगी को अरेस्ट करके पुलिस ने खुलाया किया। एसएसपी ने बताया कि मां वैष्णों देवी की यात्रा से लौटते समय महिला के प्रेमी ने मर्डर की योजना बनाई थी। मौका मिलने पर प्रेमी ने नागेंद्र को धोखे से बुलाकर मार डाला। लेकिन उनकी एक गलती ने योजना पर पानी फेर दिया। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने इनाम देने की घोषणा की।

पुलिया पर बुलाकर मारी थी गोली

भूसा बनाने की मशीन चलाने वाले नागेंद्र सिंह की सात अप्रैल को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पहले दो युवक उसको घर से बुलाकर ले गए। गांव के बाहर पुलिया पर उसकी कनपटी पर गोली दागकर फरार हो गए। नागेंद्र के भाई शेषनाथ ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मर्डर का मुकदमा दर्ज कराया। शुरूआती जांच में प्रेम संबंधों से घटना की कड़ी जुड़ी। पुलिस ने संत कबीर नगर जिले के कोतवाली, मलोरना निवासी रणजंय उर्फ रिंकू, हरपुर बुदहट एरिया के सहिजना निवासी राहुल सिंह को ट्रेस किया। शनिवार को भैंसा बाजार में उनकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना की कहानी उगल दी। हत्या में इस्तेमाल असलहा भी आरोपियों ने बरामद करा दिया।

गांव के युवक से था संबंध

पुलिस की पूछताछ में रणंजय ने जो कहानी बताई। उसे सुनकर पुलिस भी चौंक गई। वर्ष 2014 में नागेंद्र की शादी रणंजय के गांव में उसकी प्रेमिका माधुरी से हुई। रणंजय और माधुरी में कई साल से प्रेम संबंध चल रहा था। चार साल पहले सांप के काटने से रणंजय की पत्नी की मौत हो गई। तब वह माधुरी के ज्यादा करीब आ गया। शादी के बाद माधुरी ससुराल चली गई तो रणंजय फिर तन्हा हो गया। हालांकि शादी के कुछ दिनों बाद माधुरी अपने मायके लौटी तो दोनों ने एक दूसरे संग जीने-मरने की ठान ली। पांच मार्च 2016 को रणंजय सिंह के भांजे का मुंडन था। परिवार से जुड़ाव होने पर वह माधुरी को अपने साथ मां वैष्णों देवी की यात्रा में ले गया। वहां से लौटते समय रास्ते में दोनों ने नागेंद्र की हत्या की योजना बनाई।

भूसा बनवाने के बहाने बुलाया

पहले तो माधुरी अपने पति की हत्या के लिए तैयार नहीं हुई। लेकिन रणंजय के दबाव पर उसने हामी भर दी। रणंजय ने एक नया सिमकार्ड खरीदकर माधुरी को दिया। उसी पर दोनों के बीच बात होती थी। सात अप्रैल को माधुरी से उसके पति का मोबाइल नंबर लेकर रणंजय ने बात किया। भूसा बनवाने की बात करने के बहाने गांव के पास पुलिया पर बुलाकर गोली मार दी।

फोन ने खोल दी पोल

रणंजय ने अपनी प्रेमिका को फोन से बताया कि काम कर दिया गया है। इसलिए तुम अपना सिम तोड़कर फेंक देना। पति के मर्डर की सूचना के बावजूद माधुरी हर चीज से अनभिज्ञ बनी रही। पति के साथ रोती- बिलखती वह जिला अस्पताल तक गई। रास्ते में उसने अपना सिमकार्ड कहीं फेंक दिया। इसी वजह से पुलिस को घटना का क्लू मिल गया। आरोपी रणंजय पाइप लाइन फिटिंग का ठेका लेता है। उसने अपने एक परिचित की मदद से खलीलाबाद के असलहा तस्कर से 24 हजार में पिस्टल खरीदी थी।

वर्जन

अवैध प्रेम संबंधों में नागेंद्र की हत्या की गई थी। उसकी पत्नी के कहने पर प्रेमी ने अपने परिचित संग मिलकर नागेंद्र को गोली मारी। महिला, उसके पति और सहयोगी को अरेस्ट कर लिया है। उनके पास से मोबाइल, तमंचा सहित कई सामान भी बरामद किए गए हैं।

-अनंत देव, एसएसपी