कर्नलगंज निवासी एक महिला ने लगाई फांसी

छानबीन में पुलिस को कमरे से मिला सुसाइड नोट

ALLAHABAD: मैं अपनी मौत की खुद जिम्मेदार हूं। इसमें किसी और का दोष नहीं है। कर्नलगंज एरिया में रहने वाली एक महिला के पास मिलें सुसाइड नोट में कुछ ऐसा ही लिखा था। महिला ने शनिवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूल कर मौत को लगे लगा लिया। दूसरे दिन सुबह बेटे को जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतार कर कमरे की छानबीन की तो पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला।

खुदकुशी के लिए खुद को ठहराया जिम्मेदार

कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम हॉस्टल के निकट रहने वाले अनूप मालवीय स्टेट बैंक में हेड ‌र्क्लक की पोस्ट से रिटायर हो चुके है। परिवार में पत्नी अंजू मालवीय और दो बेटे है। बड़ा बेटा चेन्नई में प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं छोटा बेटा अर्पित माता पिता के साथ रहता है। पांच दिन पहले अनूप आंख की तकलीफ के चलते बड़े बेटे के पास चेन्नई गए हुए थे। बताया जाता है कि शनिवार रात भोजन करने के बाद अंजू अपने कमरे सोने चली गई और अर्पित भी सोने चला गया। रविवार सुबह जब मां का कमरा काफी देर तक नहीं खुला तो अर्पित मां के कमरे में गया। कमरे में घुसते ही वह दंग रह गया। मां अंजू फांसी के फंदे के सहारे झूल रही थी। इतना देख अर्पित जोर जोर से रोने लगा। उसके रोने की आवाज सुन आस पड़ोस के लोग पहुंच गए। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी कर्नलगंज पुलिस को दी।

महिला के पास मिला सुसाइड नोट

उधर घटना की जानकारी मिलते ही कर्नलगंज इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने महिला के शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने कमरे की छानबीन की तो बिस्तर पर पुलिस को एक सुसाइड नोट महिला द्वारा लिखा मिला। पुलिस के मुताबिक महिला के पास मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि वह अपने मौत की खुद जिम्मेदार है। इसके लिए किसी को दोषी न ठहराया जाए। अर्पित ने पिता और बड़े भाई को घटना की जानकारी दी।

महिला ने किस कारण से सुसाइड किया यह पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है। लाश के पास मिले सुसाइड नोट में महिला ने खुद को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

अवधेश प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर कर्नलगंज