कानून व्यवस्था और ईमानदारी का राज होगा: विजय मिश्र

ALLAHABAD: कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी विजय मिश्र के समर्थन में कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरुवार को समरसता रैली निकाली गई। बैरहना स्थित सुंदरम गेस्ट हाउस से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में बाइक सवार के साथ करीब सौ से अधिक चार पहिया वाहन शामिल हुए। बाइक पर सवार लोगों की भीड़ के पीछे फूलों से सजे रथ में कांग्रेस प्रत्याशी विजय मिश्र, पूर्व मेयर चौधरी जितेंद्रनाथ सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, शेखर बहुगुणा, किशोर वाष्र्णेय, फुजैल हाशमी, प्रदीप अंशुमन, देवी प्रसाद पांडेय, संजय तिवारी, तस्लीमुद्दीन, सुभाष पांडेय, हरिकेश त्रिपाठी, अवधेश त्रिपाठी, अंशुमन पटेल, अभय अवस्थी आदि सवार थे। रैली शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न मार्गो से होते हुए केंद्रीय कार्यालय पहुंची। वहां सभा में विजय मिश्र ने कहा कि उनकी जीत से नगर में कानून व्यवस्था और ईमानदारी का राज होगा। दोपहर बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने नैनी, मीरापुर, अकबरपुर, मंसूर पार्क, हटिया और मिन्हाजपुर में जनसभा की। जनसभा में कहा कि पूरे शहर में सफाई व्यवस्था की प्रणाली में बड़ा बदलाव होगा। लोगों को इलाज की सुविधा, शिक्षा, शुद्ध पेयजल और गरीब बच्चों को वजीफा मुफ्त प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ की ओर से भी महापौर प्रत्याशी को समर्थन दिए जाने की बात कही गई।