AGRA (2 May): थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित वेस्ट अर्जुन नगर में एयरफोर्स स्टेशन के पास बाइक सवारों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मार कर हत्या कर दी। दिनदहाडे़ सरेआम हुई घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम इतनी फुर्ती से दिया गया कि कोई हत्यारों को देख भी नहीं सका। पुलिस ने घायलावस्था में युवक को एसएन पहुंचा। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस की छानबीन में प्रथम दृष्टया साढू़ से विवाद का मामला सामने आया है।

दोस्त के साथ रहता था

अयोध्या कुंज अर्जुन नगर निवासी 40 वर्षीय भगत सिंह दीवानी में काम करता था। भगत सिंह हाल में अपने वेस्ट अर्जुन नगर निवासी दोस्त ब्रज मोहन यादव के यहां रह रहा था। वर्तमान में वह बेरोजगार था। दोस्त ही उसका भरण पोषण कर रहा था। साढ़ू के साथ उसका केस चल रहा था। भगत सिंह की गवाही होनी थी। सोमवार दोपहर 12 बजे दोस्त के भतीजे जीतू से कमर की चोट पर ड्रेसिंग कराकर ब्रजमोहन की एक्टिवा लेकर निकला था। जीतू बाथरूम में चला गया।

दो सौ मीटर पर मारी गोली

भगतसिंह दोस्त के घर वेस्ट अर्जुन नगर से दो सौ मीटर की दूरी पर मैन रोड पर आने ही वाला था कि बाल भारती स्कूल के पास नुक्कड़ के बीचों-बीच बाइक सवार दो युवक उसके पास आ गए। उसकी कनपटी पर फायर ठोंक दिया। बाइक सवार वारदात को अंजाम देकर मौके से निकल गए। ये स्पॉट एयरफोर्स स्टेशन के पास है। प?िलक की शिकायत पर पुलिस सूचना पर पहुंची। पुलिस गंभीर घायलावस्था में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। भतीजा भी मौके पर आया, लेकिन तब तक पुलिस उसे लेकर निकल गई। एसएन में लाते ही भगत सिंह की मौत हो गई।

नजदीक से मारी गोली

पुलिस ने बताया कि सटा कर गोली मारी गई है। यदि ऐसा है तो आशंका बन रही है कि हमलावरों ने पहले उससे बात की होगी। बात करने के दौरान ही तमंचे से सटा कर गोली मारी गई होगी। कुछ लोगों ने दो राउंड फायर होने की बात की है। लेकिन पुलिस का कहना है कि एक ही गोली चली। पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ की।