- करनाल हाईवे स्थित रजवाहे में मिला था महिला का शव

- मृतका के पति ने नामजद के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

Meerut : करनाल हाईवे स्थित जंगेठी रजवाहे से मिली लाश की शिनाख्त सरधना निवासी पूनम चौहान के रूप में हो गई थी। मृतका के पति ने बताया कि जिंजोखर का एक युवक एनजीओ संचालिका पर कोर्ट मैरिज करने का दबाव बना रहा था। पूनम के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी हत्या करके शव को रजवाहे में फेंक दिया था।

रजवाहे में मिला था शव

सरधना के कहारान निवासी पूनम चौहान पत्नी राधेश्याम चौहान का शव शनिवार को करनाल हाईवे जंगेठी स्थित रजवाहे से मिला था। देर रात महिला की उसके परिजनों ने शिनाख्त कर ली थी। पूनम चौहान आस्था सेवा युवा समिति नाम से एनजीओ चलाती थी। मृतका के पति राधेश्याम ने बताया कि एनजीओ में उनके साथ जिंजोखर निवासी अवनीश सांगवान उर्फ बादल पुत्र मुनेश चौधरी काम करता था। बादल, पूनम से एकतरफा प्यार करता था, वह पूनम पर कोर्ट मैरिज करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

अपहरण कर हत्या का आरोप

राधेश्याम ने आरोप लगाया कि गत एक अक्टूबर को पूनम मेरठ जाने की बात कहकर घर से गई थी। अवनीश सांगवान ने रास्ते में अपने दोस्तों के साथ मिलकर पूनम का अपहरण कर लिया। आरोपी ने पूनम के साथ जोर जबरदस्ती व मारपीट की होगी, जिसके कारण उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पूनम के विरोध करने पर अवनीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी ही चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। राधेश्याम ने आरोपी अवनीश व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

एनजीओ संचालिका के साथ रहने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

सुरेंद्र राणा एसओ कंकरखेड़ा