- युवक की मेडिकल कॉलेज में हुई मौत

- पत्‍‌नी ने भूमि विवाद में जलाने की दी तहरीर

GORAKHPUR: राजघाट एरिया बंधक बनाकर तेजाब से जलाए गए युवक की सोमवार को मौत हो गई। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। युवक की पत्नी ने बंटवारे के विवाद में पति को जलाने का आरोप ससुर और सौतेली मां पर लगाया।

हाथ पैर बांधकर तेजाब से नहलाया

12 नवंबर की रात राजघाट पुल के नीचे तेजाब से जला युवक कराहता मिला। लोगों की सूचना पर टीपी नगर चौकी पर तैनात कांस्टेबल रामअवध ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। युवक ने डॉक्टरों को बताया कि वह कोतवाली एरिया के खूनीपुर मोहल्ला निवासी अर्जुन है। जानकारी सामने आने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पति के साथ घटना की जानकारी मिलने पर झंगहा के ब्रह्मपुर स्थित मायके गई पत्‍‌नी निशा मेडिकल कॉलेज पहुंची। सोमवार को युवक की मौत हो गई। निशा ने पुलिस को बताया कि उसके पति को प्रापर्टी के बंटवारे में जलाया गया है।

सौतेली मां नहीं देना चाहती हिस्सा

निशा ने बताया कि उसके ससुर ने दो शादियां की थी। उसके पति अर्जुन सगी सास के बेटे हैं। जबकि, उसकी सौतेली सास के एक बेटा और दो बेटियां हैं। प्रापर्टी में हिस्सा देने की बात को लेकर अक्सर ससुर और सास से झगड़ा होता था। मारपीट होने पर वह मायके चली गई। लोग पति का उत्पीड़न करते रहे। महिला ने आरोप लगाया कि अर्जुन ने इसकी शिकायत राजघाट थाना में की। लेकिन दबाव बनाकर पुलिस ने समझौता कर दिया। 12 नवंबर की रात उसके पति पर तेजाब डालकर जला दिया गया। महिला की सूचना पर उसके पति के मौत के मामले की पुलिस जांच कर रही है।

इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। परिवार के लोगों की तलाश चल रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।

अशोक कुमार पांडेय, सीओ कोतवाली

-