- कोतवाली एरिया के छोटेकाजीपुर की घटना

- पति से अलग मायके में रहती हैं नवसाबा

GORAKHPUR : सास से मिलने गई महिला पर पति ने हमला कर दिया। घटना कोतवाली एरिया के छोटे काजीपुर मोहल्ले में सोमवार की सुबह हुई। चाकू लगने से गंभीर महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वह प्रदेश सरकार के एक सचिव की नजदीकी रिश्तेदार हैं। इसलिए पुलिस-प्रशासन के अफसर भी दिनभर परेशान रहे।

मायके में रहती है नवसाबा

लखनऊ निवासी नवसाबा की शादी छोटे काजीपुर निवासी सहायक अली उर्फ टुल्लू के साथ 11 साल पहले हुई थी। शादी के एक साल बाद ही टुल्लू ने महिला का उत्पीड़न शुरू कर दिया। महिला के पति को नशे की लत है। कुछ सालों तक साथ रहने के बाद वह लखनऊ मायके चली गई। एक ब्यूटी पार्लर में नौकरी कर ली। महिला की दो बेटियां अक्की और अबीना भी साथ रहती हैं।

सास से मिलने आई थी ससुराल

महिला की सास हज करने गई थीं। उनके घर लौटने पर नवसाबा एक अक्टूबर को गोरखपुर आई। सोमवार की सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से उनको लखनऊ लौटना था। देर होने उनकी ट्रेन छूट गई। स्टेशन से लौटकर वह ससुराल पहुंच गई। आरोप है कि सुबह 10 बजे उनका पति कहीं से शराब पीकर आया। रुपए-पैसे की बात को लेकर हमला कर दिया। महिला के पेट में चाकू घोंप दिया। आसपास के लोगों ने आरोपी पति को पकड़ लिया।

सचिव के फोन पर हुए एक्टिव

महिला के एक नजदीकी रिश्तेदार प्रदेश सरकार में प्रमुख सचिव हैं। घटना के बाद उनका फोन घनघना उठा। लखनऊ से कॉल आने के बाद गोरखपुर में पुलिस-प्रशासन के अफसर हरकत में आ गए। मेडिकल कॉलेज में महिला को एडमिट कराया गया। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी।

महिला का उपचार चल रहा है। अभी उनकी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

विजयराज सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली