- महिला के जले शव को कमरे में बंद कर फरार हो गए ससुरालीजन

- विवाहिता की मां की तहरीर पर ससुरालियों व पूर्व प्रधान पर केस दर्ज

DHURIYAPAR: सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजन पूर्व टोला में बुधवार की रात एक महिला की जलकर मौत हो गई। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालियों पर बुधवार को केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि दहेजलोभी ससुराल वालों ने महिला को जिंदा जला डाला। उसके अधजले शव को कमरे में बंद कर फरार हो गए।

सास और पति पर आरोप

बेलघाट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी बालेन्द्र चौहान की बेटी सुम की शादी 2 साल पहले सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर की हरिजन पूर्व टोला निवासी अमरनाथ के बेटे श्रवण से हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। इसके लिए विवाहिता को प्रताडि़त कर रहे थे। दहेज नहीं देने की स्थिति में विवाहिता को मार डालने की धमकी दे रहे थे। इसे देखते हुए मायके वालों ने पुलिस से शिकायत की थी।

पूर्व प्रधान ने कराई पंचायत

हरदत्तपुर गांव के पूर्व ग्राम प्रधान रामवृक्ष यादव ने दोनों परिवारों में पंचायत कराई और लड़की की जान की जिम्मेदारी ली। इसके बाद मायके वालों ने तीन महीने पहले लड़की को ससुराल विदा किया। लेकिन, उसके बाद भी प्रताड़ना नहीं रुका।

8 माह का बेटा गायब

मृतका की मां ज्ञानमति ने तहरीर में कहा है कि बुधवार को शाम में पति और सास ने मिलकर विवाहिता को जिंदा जला दिया। उसके शव को कमरे में बंद कर 8 माह के बेटे को लेकर फरार हो गए। गांव के लोगों से मौत की सूचना मिलने पर थाने पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर में हरदत्तपुर ग्राम सभा के पूर्व प्रधान रामवृक्ष यादव, सास, ससुर और पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों की तलाश कर रही है।