- दो युवती भी गई थी मार्निग वाक करने, चाकू से गोद कर शव गंगा किनारे फेंका

PATNA/BUXAR: बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा पुल पर मार्निग वाक के दौरान महिला की हत्या का मामला सामने आया है। हमलावरों ने चाकू से गोदकर हत्या कर शव पुल के नीचे फेंक दिया। लोगों की सूचना पर बलिया के नरही थाने की पुलिस ने शायरा बानो (ब्भ् वर्ष) का शव पुल के नीचे से बरामद किया है। मृतक महिला औद्योगिक थाना के सारिमपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि पुल पर चाकू से गोद कर महिला की हत्या की गई है।

हत्या से पहले हुई हाथापाई

सुबह दौड़ की प्रैक्टिस करने वाले कुछ लड़कों ने घटना से ठीक पहले महिला के साथ दो युवतियों को देखा था। पुलिस दोनों युवतियों को तलाश रही है। महिला का एक पुत्र और पति मो.सद्दीक दुबई में किसी कंपनी में काम करते हैं। महिला छोटे पुत्र के साथ घर पर रहती थी। सूत्रों के अनुसार दस दिन पहले मोहल्ले में किसी से विवाद हुआ था। औद्योगिक थाने में शिकायत भी की थी। थाना प्रभारी राघव दयाल ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। ऐसा लगता है हत्या से पहले मृतक ने प्रतिरोध किया है।

किराएदारों की हो रही जांच

महिला के सिर की बाल और शरीर पर जख्म से हत्या से पहले झड़प होने की बात कही जा रही है। हमलावरों से हाथापाई हुई होगी। शरीर पर चाकू के कई निशान थे। युवकों ने बताया कि महिला को बदहबास दो युवतियों के बीच देख पूछा भी था कि क्या हुआ है, दोनों युवतियों ने बताया था कि तबियत खराब है और डॉक्टर के पास ले जा रहे हैं। इस दौरान महिला कुछ नहीं बोली थी। युवकों ने यह भी बताया कि उनके जाते ही महिला पुल से गिर गई तो युवक फिर लौटे। फिर दोनों युवतियों ने बताया कि रिश्तेदार हैं और इन्हें मिर्गी आई है, आप लोग जाइए अपना काम करिए। इसके बाद युवक वहां से चले गए। युवकों के खुलासे के बाद पुलिस महिला के रियतेदारों के बारे में भी जांच कर रही है।