- मडि़यांव के गायत्री नगर की घटना

LUCKNOW :मडि़यांव के गायत्री नगर में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत पर उसके मायके वालों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

चल रहा था इलाज

गायत्री नगर निवासी अभिषेक पांडेय उर्फ मिंटू की शादी वर्ष 2015 में पारा निवासी वर्षा (23) से हुई थी। अभिषेक के मुताबिक, शादी के बाद से ही वर्षा और अभिषेक के बीच विवाद होता रहता था। इसी के चलते वह अधिकांश समय मायके में ही रहती थी। कुछ दिनों पहले वर्षा ससुराल आई थी। अभिषेक के मुताबिक, वर्षा का यूरीन इंफेक्शन का इलाज चल रहा था। बीते शनिवार को वर्षा के जिद करने पर वह उसे मायके छोड़ आया था। मंगलवार को वर्षा की मां ने उसकी तबियत खराब होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर अभिषेक अपनी मां कृष्णा पांडेय के साथ ससुराल पहुंचा और वर्षा की हालत गंभीर देख उसे लोकबंधु हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर अभिषेक शव को अपने घर ले आया।

ससुरालीजनों को धुन डाला

वर्षा की मौत की सूचना जैसे ही उसकी मां शर्मावती को मिली वह भड़क उठीं और कई लोगों के साथ अभिषेक के घर जा पहुंची। वहां उन लोगों ने वर्षा के ससुरालीजनों पर जहर देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। इतना ही नहीं उन लोगों ने अभिषेक, उसकी मां, पिता व बहन को भी जमकर पीटा। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हंगामे पर उतारू शर्मावती और उनके परिजनों को शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इंस्पेक्टर मडि़यांव नागेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।