घर के आंगन में सो रही थी महिला, तमंचे से मारी गई गोली

पति की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज

MAU: मऊ थाना क्षेत्र के भिटरिया गांव में तमंचे से गोली मार कर बुधवार की रात आंगन में सो रही महिला की हत्या कर दी गई। गोलियों की आवाज सुन कर परिजन व पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। बिस्तर पर खून से लथपथ महिला का शव देख कर लोग स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे गए। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। पति की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार की देर रात तक हत्या का कारण पता नहीं चल सका था।

भिटरिया गांव का है केस

भिटरिया गांव निवासी मोहन लाल निषाद की 28 वर्षीय पत्‍‌नी गुडि़या देवी बुधवार की रात घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी। इसी बीच अचानक घर में अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही वह चीख पड़ी। उसकी व गोली की आवाज सुन परिजन और पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। जब तक लोग वहां पहुंचते कातिल घटना को अंजाम दे कर फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि चारपाई पर खून से लथपथ गुडि़ाया का शव पड़ा है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक

उसके शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वारदाद को सुन गांव के लोग भी भौचक रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के कारण की तलाश में देर रात तक पुलिस जुटी रही। पुलिस के मुताबिक महिला को 315 बोर के तमंचे से गोली मारी गई है।

----------

किसी खास ने ही किया कत्ल

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रात में घर के अंदर सो रही महिला तक बाहरी लोग कैसे पहुंच सकते हैं। इस सवाल को लेकर पुलिस कयास लगा रही है कि उसकी हत्या किसी खास ने ही की है। इसी बिन्दु पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने अविलंब घटना के खुलासे का आदेश मऊ थानाध्यक्ष को दिया है।