दीपावली पर वर्क प्लेस की सफाई को लेकर चला अभियान

आईनेक्स्ट के इनीसिएटिव को मिला प्रशासन का साथ

ALLAHABAD: दीपावली पर हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं लेकिन वर्क प्लेस को जस का तस छोड़ देते हैं। लेकिन, सीडीओ आंद्रा वामसी ने बुधवार को विकास भवन में सफाई अभियान चलाकर न केवल दूसरे अधिकारियों को जागरुक किया, बल्कि कार्यालय में साफ-सफाई के प्रति जागरुकता का संदेश भी दिया। उन्होंने इधर-उधर फैली गंदगी को खुद झाड़ू लगाकर साफ करने में कोई कसर नही छोड़ी।

कंधे से मिलाया कंधा

सीडीओ ने आई नेक्स्ट के अभियान ये दिवाली सफाई वाली के साथ कंधे से कंधा मिलाते हुए विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। दूसरे और तीसरे तल पर जगह-जगह पानी-गुटखे की पीक देखकर कर्मचारियों को फटकार लगाई। इतना ही नही, खुद झाड़ू लगाकर उसे साफ भी किया। ये देखकर तीन दर्जन से अधिक विभागों के अधीनस्थ अधिकारी हक्का-बक्का रह गए। सीडीओ ने कहा कि अपने विभाग को साफ रखना आपको कर्तव्य है। इससे बाहर से आने वालों को उचित संदेश मिलता है।

कुछ हुए गुस्से का शिकार

गंदे बाथरूम, धूल से भरे स्टोर रूम, पान-गुटखे की पीक से रंगे कोने, कागज के फैले टुकड़े, फाइबर और प्लास्टिक के कप और गिलास के फैलाव देखकर सीडीओ नाराज भी हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि जब तक कार्यालय के हालात सुधरेंगे नही, इनको वेतन नही मिलेगा। उन्होंने कृषि रक्षा विभाग, पशुधन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला समाज कल्याण, एनआरएलएम आदि विभागों का गहन निरीक्षण किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बगल कूड़े के ढेर को तत्काल हटवाने के आदेश दिए।

एक सप्ताह तक चलेगा अभियान

इस मौके पर सीडीओ ने विकास भवन के दो दर्जन से अधिक अधिकारियों के साथ मीटिंग कर उन्हें एक सप्ताह तक परिसर में वृहद सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए। उन्होंने डीडीओ, डीएसटीओ और जिला समाज कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर विकास भवन की साफ-सफाई का जिम्मा सौंपा।

बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय

विकास भवन में शराब, पान-गुटखा आदि का नशा और गंदगी फैलाने वालों की निगरानी के लिए एक दर्जन होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।

एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान में पांच सौ सफाई कर्मियों को तैनात किए जाएगा।

कूड़े के लिए दो अतिरिक्त कंटेनर विकास भवन में रखवाए जाएंगे।

बाथरूम की सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

कैंपस में एक भी अनुपयोगी सामान नही रहेगा। अपने-अपने कार्यालय की सफाई का जिम्मा संबंधित अधिकारी का होगा।