GORAKHPUR: खजनी इलाके के उसवां गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के मजदूर कार्तिक राज (42) की पीटकर भांजे ने हत्या कर दी। आरोप है कि कार्तिक अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था और इसी दौरान उसकी बहन पहुंच गई थी। झगड़ा छुड़ाने गई बहन को कार्तिक ने पीट दिया जिससे नाराज होकर भांजे ने ईंट से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिया। गंभीर हालत में कार्तिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्‍‌नी टिकैती बाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपी भांजे शम्मार सेन को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात दस बजे ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाला कार्तिक किसी बात पर पत्‍‌नी से नाराज हो गया और उसकी पिटाई करने लगा। भाई के घर पर ही बहन भी आई थी। वह बीच बचाव करने पहुंची। शराब के नशे में धुत कार्तिक ने बहन की भी पिटाई कर दी। खबर पाते ही महिला का बेटा शम्मार सेन भी पहुंच गया। जैसे ही उसे पता चला कि मां की मामा ने पिटाई की है, उसने आपा खो दिया और मामा की जमकर पिटाई कर दी। ईंट से सिर पर प्रहार कर दिया। गंभीर हालत में कार्तिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रात 12 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और केस दर्ज कर आरोपी भांजे को गिरफ्तार कर लिया।