परिवारवालों ने कहा बीमारी से परेशान होकर उठाया कदम

पुलिस ने कहा, घर में चल रहा था कुछ विवाद, हो रही जांच

ALLAHABAD: भाभी को मोबाइल पर कॉल करके कहा था अब जीने की कोई ख्वाहिश नहीं रही। ऐसी जिंदगी से तो मौत ही बेहतर है। यह कहते हुए उसने नदी में छलांग लगा ली। परिवार वाले परेशान हाल खोजते रहे और कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को नदी में शव उतराया हुआ दिखा तो सबके दिल बैठ गए। परिवार के सदस्यों का कहना है था कि बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है तो पुलिस का कहना था कि परिवार में कुछ विवाद चल रहा था। इसकी जांच की जा रही है। बॉडी को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिवारवालों को सौंप दिया।

किराना कारोबारी का बेटा

अतरसुइया थाना क्षेत्र के रहने वाले लक्ष्मी नारायण केसरवानी किराना सामान के थोक कारोबारी हैं। उनके छह बेटों में वीरेन्द्र पाचवें नंबर पर था। वीरेन्द्र पिता के कारोबार में हाथ बंटाता था। बताया जाता है कि मंगलवार शाम साढ़े छह बजे वीरेन्द्र बिना किसी को बताए अकेले निकला था। इसके करीब एक घंटे बाद उसने अपने भाभी के मोबाइल पर कॉल किया। उसने भाभी को बताया कि वह खुदकुशी करने जा रहा है। क्योंकि, वह अपनी बीमारी से आजिज आ चुका है। उसकी जीने की कोई ख्वाहिश नहीं रही। परिवारवालों के अनुसार भाभी से उसने कहा कि मुझे ढूंढने का प्रयास जरा भी मत करना। इसके बाद उसने फोन डिस्कनेक्ट कर दिया।

रातभर चली खोजबीन

भाभी से यह सूचना परिवार के बाकी सदस्यों तक पहुंची तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी। मगर उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह किला घाट पर अज्ञात युवक की लाश मिलने पर सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दारागंज पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश के शरीर पर मौजूद कपड़ों की तलाशी ली तो पर्स, मोबाइल और दूसरा सामान मिला। इसी के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की और उसके घर वालों को बताया। जानकारी मिलते ही पत्‍‌नी प्रिया, मां और परिजन रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि कि वीरेन्द्र के सिर में पिछले कई महीने से दर्द की समस्या बनी हुई थी। इलाज भी कराया गया मगर फिर भी उसका बीमारी नहीं गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को लाश सौंप दी गई है। खुदकुशी का कारण अभी तक स्पष्ट नही हो सका है। मगर परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जांच की जा रही है।

-उदयवीर सिंह,

इंस्पेक्टर दारागंज

बाक्स

कुछ दूर पर बुजुर्ग की मिली लाश

वीरेन्द्र की लाश को लेकर अभी पुलिस जांच कर रही थी कि किलाघाट से कुछ दूर पर एक और बुजुर्ग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। काफी कोशिश के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र 65 वर्ष के आसपास थी और उसने साधुओं जैसे कपड़े पहन रखे थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह डूब गया होगा। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।