विवाद के बाद पत्नी चली गई थी मायके, पति लटक गया फांसी पर

ALLAHABAD: पति-पत्नी में विवाद आम बात है, लेकिन कर्नलगंज थाना क्षेत्र के छोटा बघाड़ा निवासी प्रीतम रावत नामक युवक ऐसा भी कदम उठा सकता है, उसकी पत्नी और परिवार के लोगों ने कभी नहीं सोचा था। विवाद के बाद मायके जाने के साथ ही पत्नी ने तलाक क्या मांगा, प्रीतम ने फांसी के फंदे पर लटक गया। जब तक इसका पता चलता लोग उसे नीचे उतारते वह दम तोड़ चुका था।

विवाद से पति था परेशान

स्व। राजेंद्र प्रसाद का बेटा प्रीतम रावत उर्फ गुड्डू जार्जटाउन में रहता था। कुछ दिनों से वह छोटा बघाड़ा में किराए का मकान लेकर अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। प्रीतम की शादी करीब दो साल पहले शिखा से हुई थी। बताते हैं कि कुछ दिन पहले पति-पत्‍‌नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी प्रीतम का घर छोड़ कर मायके चली गई। वह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी। प्रीतम इससे सहमत नहीं था, इसी को लेकर दोनों में जबरदस्त टेंशन चल रही थी। पत्‍‌नी के जाने के बाद वह ज्यादा टेंशन में आ गया था। शुक्रवार की रात उसने रस्सी का फंदा बनाया और फांसी पर लटक गया। शनिवार की सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।