RANCHI:एचईसी कैंपस सेक्टर-2 स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर में स्वामी विवेकानंद की 155वें जन्म दिवस के शुभ अवसर पर स्कूल में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी बच्चों ने प्रार्थना की। प्रार्थना सभा का नेतृत्व मां सारदा हाउस के बच्चों ने किया। 12वीं के छात्रों ने भाषण व क्विज की प्रस्तुती दी। छोटे बच्चों द्वारा स्वामी जी के जन्मोत्सव पर मंगल गीत गाया गया। इसके बाद स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर सभी बच्चों ने पुष्प अर्पित किए। स्कूल कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व पुष्प अर्पित किए। इस मंगल बेला में स्कूल की प्राचार्य किरण द्विवेदी ने विद्यार्थियों को स्वामी जी के बताए मार्ग पर चलने को कहा। उन्हें अपनी शक्ति की पहचान कर आने वाले कल को संवारने-सजाने का दायित्व लेने को कहा। साथ ही देश और समाज को गौरवान्वित करने को कहा। स्कूल की 5वीं, छठी, सातवीं के बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई और स्वामी जी के ध्येय वाक्यों का नारा लगाया गया। मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में जाकर छात्र-छात्राओं ने उनके सम्मान में गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर स्कूल में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से संबंधित चलचित्र दिखाए गए और कई प्रेरक प्रसंग की प्रस्तुती भी की गई।