दैनिक जागरण आई नेक्स्ट एक्सक्लूसिव

- दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से बीजेपी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने की एक्सक्लूसिव बातचीत

- प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा। दिनेश शर्मा, वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने भी चुनावों को लेकर की बात

kanpur@inext.co.in

KANPUR : प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव के लिए युवाओं की प्रत्याशिता को बढ़ावा दिया जाएगा। हर वार्ड में साफ-सुथरी छवि वाले कैंडिडेट को टिकट देने पर चुनाव संचालन समिति विचार करेगी। केंद्र के बाद प्रदेश में भी भाजपा सरकार ने विकास के कार्य भरपूर तरीके से किए हैं। चुनाव में विकास के मुद्दे पर ही जाएंगे। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से खास बातचीत में यह कहना है भाजपा संगठन में प्रदेश महामंत्री और गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह का। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि निकाय चुनाव में योग्य युवाओं को मौका दिया जाएगा। संगठन में उच्च पदों पर बैठे लोग भी यह मानते हैं कि पिछली बार की तरह इस बार भी युवाओं को मौका दिया जाना चाहिए।

डेवलपमेंट हाेगा मुद्दा

केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार ने विकास की गंगा बहाई है। हमारे पास जनता के बीच में जाने से पहले बहुत कुछ है, जिसे विकास का मुद्दा बनाया जाएगा। वहीं कार्यसमिति में भाग लेने के लिए पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने बताया कि जीत को सुनिश्चित करने के लिए भाजपा हर मोर्चे पर विरोधी पार्टियों से जमकर लड़ेगी। निकाय चुनाव के लिए तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है, जल्द ही जनता के बीच इसके सार्थक परिणाम दिखने लगेंगे। प्रदेश में जिस प्रकार से भाजपा जीतती आई है, ठीक उसी तरह अधिक बहुमत के साथ हम निकाय चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।

------------------

उप मुख्यमंत्री ने कहा जीत ही है लक्ष्य

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ। दिनेश शर्मा ने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से खास बातचीत में कहा कि जीत ही लक्ष्य है, इसके अलावा कुछ भी नहीं। प्रदेश में बूथ और मंडल स्तर पर जनता के बीच पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियां बताई जाएंगी। प्रदेश कार्यसमिति में जो निर्णय लिए जाएंगे, उन्हें पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरा करने का लक्ष्य साध कर जनता के बीच जाएगा और पिछले चुनावों की तरह इस बार भी प्रचंड बहुमत से पार्टी जीत दर्ज करेगी।