-दही खाने पर पड़ोसी ने 10 साल की बच्ची को पेड़ में बांधकर पीटा

- चौरीचौरा एरिया के शत्रुघ्नपुर गांव की घटना, चार के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

GORAKHPUR: चौरीचौरा एरिया के शत्रुघ्नपुर गांव में दही खाने पर पड़ोसी ने क्रूरता की हदें पार कर दी। पड़ोसी ने 10 साल की बच्ची को पेड़ में बांध कर पीटा। अपमान से आहत बच्ची ने जहर खाकर जान दे दी। 10 साल की मासूम के सुसाइड करने से पूरे क्षेत्र के लोग दंग रह गए। बच्ची के पिता की तहरीर पर पड़ोसी सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। एसओ ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दही खाने पर पीटा

शत्रुघ्नपुर निवासी रुदल की बेटी प्रियंका सोमवार की दोपहर अपने पड़ोसी सुभाष के घर किसी काम से गई। उस समय सुभाष के घर पर कोई बड़ा मौजूद नहीं था। घर में अक्सर आने जाने वाली प्रियंका ने वहां रखा दही देखा तो खाने की इच्छा हुई। दही खाकर वह अपने घर चली गई। सुभाष के घर की महिलाएं कहीं से लौटकर आईं तो दही ना देखकर पूछताछ शुरू की। तब पता लगा कि प्रियंका ने चुपके से उनके घर की दही खाई है। इससे नाराज होकर सुभाष ने प्रियंका को बुलाया। शाम चार बजे उसे पेड़ में बांधकर पीटा। निर्मम पिटाई से आहत बालिका किसी तरह अपने घर पहुंची।

आहत होकर पी लिया जहर

रोती बिलखती प्रियंका ने पूरा मामला परिजनों को बताया। परिवार के लोगों ने सुभाष के घर जाकर उलाहना भी दी। लेकिन पिटाई से आहत बालिका ने मामले को भूलने की जगह शाम सात बजे घर में रखी जहरीली दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे चौरी-चौरा सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

दबाव बना कराया अंतिम संस्कार

प्रियंका की मौत की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होने पर कुछ लोगों ने मामला खत्म कराने की कोशिश की। उसके पिता पर दबाव बनाकर दाह संस्कार करा दिया लेकिन बाद में रूदल ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मंगलवार दोपहर तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर के आधार पर बच्ची की पिटाई करने वाले सुभाष, प्रमोद कुमार, राजकुमार और जबर्दस्ती दाह संस्कार कराने वाले राम अवध के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसकी जानकारी मिलने पर सारे आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।