- तेजी से बढ़ रही मरीजों का संख्या

- जिला अस्पताल में बना नया वार्ड

GORAKHPUR: जिले में डेंगू का प्रकोप कम होता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को 19 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा 200 के करीब पहुंच गया। इसके अलावा 50 नए मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए।

डराने वाला है आंकड़ा

जिला अस्पताल में शुक्रवार को डेंगू के 37 मरीजों का एलाइजा टेस्ट हुआ। इनमें 15 नमूने गोरखनाथ अस्पताल से, सात सावित्री अस्पताल और 15 नमूने जिला अस्पताल की ओपीडी से आए थे। इन नमूनों की जांच में गोरखनाथ अस्पताल के 13, सावित्री अस्पताल के चार और जिला अस्पताल के दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। एसआईसी डॉ। एचआर यादव ने बताया कि इस वर्ष अब तक डेंगू के संदिग्ध 692 मरीजों का एलाइजा टेस्ट हो चुका है। जिनमें से 195 में डेंगू की पुष्टि हो गई। इनमें से 115 मरीज जिले के रहने वाले हैं।

बना एक और वार्ड

जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीते तीन दिनों में सात नए मरीज यहां भर्ती हुए हैं। इस समय नौ मरीजों का इलाज चल रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बर्न वार्ड के पास डेंगू का छह बेड का नया वार्ड बना दिया है। जहां इस समय कोतवाली एरिया के इस्माइलपुर निवासी सार्थक श्रीवास्तव, शशि शर्मा, हरपुर बुदहट निवासी दिग्विजय, मंजीत, बड़हलगंज निवासी इंद्रावती देवी, गोला निवासी अश्वनी, कौड़ीराम निवासी सीताराम, उरुवा निवासी धनन्जय और सिद्धार्थनगर निवासी सचिन का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में अब तक 63 मरीज भर्ती हो चुके हैं।