JHUNSI(JNN): छतनाग स्थित महर्षि सदाफलदेव आश्रम में बुधवार को संत प्रवर विज्ञानदेव महाराज के जन्म दिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विहंगम योग के स्वयं सेवकों समेत दो सौ लोगों ने रक्तदान किया। अपना रक्तदान कर संत प्रवर ने इसका शुभारम्भ किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अंम्बिका चौधरी भी मौजूद रहे। संत प्रवर ने 11 विकलांगों को ट्राई साइकिल व गरीबों को वस्त्र भी प्रदान किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे पुनीत कार्य है। इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। इससे जीवन की रक्षा होती है। कहा कि हमारा संस्थान आध्यात्मिक के साथ सामाजिक संगठन भी है और सदैव से जनकल्याण के लिए अग्रसर है। आश्रमवासियों के स्वागत से अभिभूत कैबिनेट मंत्री अंम्बिका चौधरी ने संत प्रवर को उनके जन्म दिन पर शुभकामना दी। कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है। यह कार्य इस आश्रम द्वारा नि:स्वार्थ भाव से किया जा रहा है। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ।