-ग्रामीणों ने ट्रक को लगाई आग, हाईवे किया जाम

-पुलिस पर पथराव कर खदेड़ा, पीएसी आई

मथुरा। हाईवे किनारे बुधवार रात को खड़े ट्रक में 32 मरीं हुईं गायें देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रक को आग लगा दी। हाईवे जाम कर दिया। मौके पर आई कई थानों की पुलिस को देख ग्रामीणों ने जमकर पथराव कर दिया। ग्रामीणों के तेवर और जबरदस्त पथराव से पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों से तीखी झड़पों के बाद पुलिस लौट गई। काफी देर बाद पीएसी भी घटनास्थल पर पहुंच गई, मगर ग्रामीण हाईवे पर जमे हुए थे। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं थीं।

बुधवार सुबह से ही एक ट्रक( एचआर 74- 2443) चौमुंहा अड्डा पर हाईवे पर खड़ा था। ट्रक पर ऊपर से त्रिपाल ढकी थी। दोपहर बाद ट्रक से दुर्गन्ध आने लगी। रात करीब आठ बजे दुर्गन्ध अधिक बढऩे पर ग्रामीणों ने ट्रक का त्रिपाल उठा कर देखा तो उसमें गायें भरी हुईं थीँ। गायें भूसे की तरह से ठूंसी हुईं थीं। ट्रक में मरीं हुईं गायों को देख ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। देखते ही देखते ग्रामीणों का हुजूम जुट गया। उन्होंने ट्रक चालक व क्लीनर को खोजा, मगर उनका कोई पता नहीं चला। घंटों तक किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। ग्रामीणों ने गायों को ट्रक से बाहर निकाला और ट्रक में आग लगा दी। साथ ही हाईवे जाम कर दिया। हाईवे पर माहौल गरमा गया।

जाम की सूचना पर जैंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी संतोष यादव ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर जाम लगाने वालों ने उनकी एक न सुनी। इसी दौरान आसपास के कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई। लोग इतने आक्रोशित थे कि पुलिस को देखते ही पथराव शुरु कर दिया। जबरदस्त पथराव से पुलिस के पैर ठिठक गए। ग्रामीणों से तीखीं झड़पें होने लगीं। पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों के तेवर देख पुलिस लौट गई। करीब नौ बजे पुलिस दुबारा से फिर आ गई। दमकल भी आ गई थी। मगर ग्रामीणों का रुख भांप पुलिस दूर ह खड़ी थी। ट्रक धू-धू कर जल रहा था। हाइवे पर देर रात तक जाम लगा हुआ था।