- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर डीएम ने दिये निर्देश

- 2017 तक मृत्यु दर को कम करने के लिए चलाया जाएगा अभियान

LUCKNOW: एक गोपनीय सर्वे में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि राजधानी में कुछ अल्ट्रासाउंड सेंटर्स पर अवैध तरीके से गर्भपात करवाया जा रहा है। इनमें से 34 सेंटर्स प्रशासन के निशाने पर हैं और इन पर गाज गिर सकती है। इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंच गयी है और जल्द ही इन पर कार्रवाई की तैयारी है। बेटी बचाने और कन्या भ्रूण हत्या पर लगाम कसने के लिए प्रशासन मुहिम चलाने जा रहा है।

मानसिकता बदलने की जरूरत है

डीएम आवास में गुरुवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रगति बैठक हुई। इस दौरान डीएम राज शेखर ने कहा कि बाल लिंग अनुपात में गिरावट एक जटिल और बहुआयामी मुद्दा है। इस मुद्दे पर कार्य करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक ढांचे में मूलभूत बदलाव के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना जरूरी है। इससे लड़कियों और महिलाओं पर हिंसा खत्म होगी और उनके सम्मान और सुरक्षा का अधिकार मिलेगा।

गांव में गांव में किया जाएगा प्रचार

डीएम ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में आंगनबाड़ी केंद्रों की दीवार, पंचायत घर, पीएचसी आदि जगहों पर पोस्टर और बैनर लगाये जाएगे। इसके अलावा स्कूलों में बुकलेट भी बांटी जाएगी। बैठक में सीडीओ प्रशांत शर्मा, एसडीएम सदर राजकमल यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ.आरबी सिह आदि मौजूद रहे।