वर्कर्स में गुस्सा

भाजपा विधायक संगीत सोम और सुरेश राणा पर रासुका लगाने के बाद भाजपा में जबरदस्त उबाल है। उदय पार्क में आयोजित धरने में दूसरे दिन मेरठ की किठौर और वेस्ट यूपी से अमरोहा व संभल विधानसभा क्षेत्र के करीब तीन सौ कार्यकर्ता एकत्रित हुए। दोपहर करीब तीन बजे सभा समाप्त हुई तो कार्यकर्ता आइजी जोन कार्यालय की ओर जाने लगे। पुलिस ने भीड़ को बैरीकेडिंग के पास रोक दिया, जिस पर कार्यकर्ताओं से प्रशासन की तीखी झड़प हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और कैबिनेट आजम खां के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भेजा पुलिस लाइन

महिला मोर्चे को नियंत्रित करने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे तक चली जद्दोजेहद के बाद पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर परिवहन निगम की बसों से पुलिस लाइन भेज दिया गया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं का नाम लिखने के मामले पर एक बार फिर सीओ सिविल लाइन के साथ भाजपा नेताओं की झड़प हो गई। यही नहीं सांसद राजेन्द्र अग्रवाल एवं मेयर हरिकांत अहलूवालिया नाराज होकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन कार्यकर्ताओं को मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर आपराधियों की तरह व्यवहार कर रहा है। करीब एक घंटे बाद पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारियों ने सांसद व मेयर से वार्ता कर पूरे प्रकरण के लिए खेद जताया। साथ ही पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को थाने से छोड़ दिया।