-मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, 46 हस्तियों को दिया गया सम्मान

- 11 लाख रुपये व 50 हजार रुपये प्रतिमाह की मिलेगी पेंशन

LUCKNOW: लोगों के चेहरे पर सम्मान मिलने की खुशी और अपने ही प्रदेश में सरकार के द्वारा सम्मानित होने का गर्व सम्मान पाने वाली हर हस्ती के चेहरे पर नजर आ रहा था। प्रदेश का सबसे गौरवशाली पुरस्कार यश भारती का सम्मान समारोह राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विवि के अम्बेडकर सभागर में किया गया जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों ने अपनी खुशी का इजहार शब्दों में किया।

नाम - सुरभि रंजन

उपलब्धि- नारी गौरव सम्मान , सुर कोकिला सम्मान, संगीत शिरोमणि सम्मान ,

प्रदेश सरकार ने भी कला को पहचाना और सम्मानित किया है। प्रदेश सरकार के सबसे बड़े सम्मान यशभारती मिलने के बाद अब जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। संगीत के क्षेत्र में अब दो गुने उत्साह के साथ काम करूंगी।

सुरभि रंजन (गायिका)

नाम- गोपाल चतुर्वेदी

उपलब्धि- हिंदी भवन द्वारा व्यंग्य श्री लाइफटाइम अवार्ड, हिंदी गौरव सम्मान, साहित्य भूषण सम्मान

सरकार द्वारा इस तरह का सम्मान दिया जाना बहुत ही मायने रखता है। ऐसे सम्मान से कुछ और अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है साथ ही हौसला भी बढ़ता है। गोपाल चतर्वेदी , साहित्यकार

नाम - इमरान प्रतापगढ़ी

उपलब्धि- उर्दू एकाडमी अवार्ड, उड़ीसा का विशिष्ट विद्यार्थी सम्मान, महाराष्ट्र म्युनिसिपल का सदभावना अवार्ड

आज देश में लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश की सरकार आवाज उठाने वालों का सम्मान कर रही है.यह बहुत ही खुशी की बात है।

इमरान प्रतापगढ़ी, साहित्य

नाम - गुलशन भारती

उपलब्धि- बेगम अख्तर अवार्ड, संगीत नाटक अकादमी अवार्ड, नौशाद अवार्ड

यश भारती अवार्ड मिलना कला और कलाकारों का सम्मान है। प्रदेश की सरकार ने यह अवार्ड बांट कर सिर्फ कला एवं कलाकारों को सम्मानित ही नहीं किया है बल्कि कला का संरक्षण भी किया है

गुलशन भारती, गायन

नाम- जगबीर सिंह

उपलब्धि- अर्जुन सम्मान, खेल रत्‍‌न, द्रोणाचार्य सम्मान, दादा ध्यान चंद्र सम्मान

जब भी यश भारती के लिए चयनित लोगों की सूची जारी होती थी तो मेरे पिता पूछते थे कि तुम्हारा नाम कब आएगा। साल 2010 में उनका निधन हो गया। अब मुझे यश भारती मिला है तो यह सम्मान अपने पिता को समर्पित करता हूं

जगबीर सिंह , हॉकी

नाम -अरुणिमा सिन्हा

उपलब्धि- पद्म श्री सम्मान, पर्वतारोहण का तेनजिंग नोर्गे सम्मान

यश भारती मिलने से मेरा बल बढ़ गया है अब और मेहनत के साथ अपने प्रदेश का नाम रौशन करुंगी। अपने प्रदेश और अपने लोगों के सामने पुरस्कार मिलने की खुशी ही अलग होती है।

अरुणिमा सिंहा

नाम-डॉ। नरेश त्रेहन, चिकित्सक

उपलब्धि- तीन प्रतिष्ठित विवि से डाक्टरेट की उपाधि, मेदांता हार्ट इस्टीटयूट के मैनेजिंग डायरेक्टर

दुनिया में कहीं जाता हूं तो उत्तर प्रदेश और यहां के लोगों की तारीफ करता हूं। खासकर जार्चियन तो दुनिया के तमाम देशों में हैं। मेरी जन्मभूमि लखनऊ है इसलिए यश भारती मिलने पर ज्यादा खुशी है।

डॉ। नरेश त्रेहन

नाम - अनुराग कश्यप डायरेक्टर

उपलब्धियां - फिल्म फेयर बेस्ट एडीटिंग सम्मान, बेस्ट स्क्रीन प्ले अवार्ड, फ्रांस का नाइट आफ द आर्डर आफ आर्टस एड लेटर्स अवार्ड

जब आपको प्रदेश के गौरव के रुप में सम्मानित किया जाता है तो उसके आगे सारे अवार्ड बेकार हो जाते है प्रदेश सरकार कला के क्षेत्र में बहुत ही अच्छा काम कर रही है इसकी नीतियों से यहां पर काम करना आसान हो गया है।

नाम - सुधीर मिश्रा डायरेक्टर

उपलब्धियां- तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित, आर्डर आफ लेटर्स सम्मान

मेरे पूर्वज लखनऊ से हैं। इसलिए मुझे ये अवार्ड पाकर बहुत ही खुशी हो रही है। प्रदेश की कलायें धरोहर है। इसे सरंक्षित करने का काम होना चाहिए।

सुधीर मिश्रा

नाम - अशोक चक्रधर, कवि

उपलब्धियां- अनेक टेलीविजन और धारावाहिक बनायें, कई व्यंग्य संग्रह लिखे

मैने काम तो किया है लेकिन कितना उत्कृष्ट काम किया है ये मैं नहीं जानता हूं। यश भारती जैसे अवार्ड सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेश सरकारों को भी देना चाहिए। इससे कलाकारों के साथ ही कलाओं को भी फायदा होता है। अशेक चक्रधर

नाम- प्रो.रविकांत,केजीएमयू कुलपति

उपलब्धियां- यूके कॉमनवेल्थ फेलोशिप सम्मान, डब्लूएचओ फेलोशिप सम्मान, दिल्ली राज्य सम्मान

मेडिकल कॉलेज का हेड होने के नाते यह अवार्ड मेरा नहीं बल्कि मेडिकल कॉलेज लखनऊ का है। चाहे दंगों के पीडि़त हो या दुर्घटना के घायल हर किसी को तत्काल चिकित्सीय लाभ देने का हमारा प्रयास रहता है।

प्रो। रविकांत

नाम - इरफान हबीब, इतिहासकार

उपलब्धियां- पद्म श्री सम्मान, जवाहर लाल नेहरु फेलोशिप,

इतिहासकारों का दायित्व है कि वो भले ही देर से अपनी बात रखे लेकिन पुख्ता तौर पर रखे। इतिहासकारों को भ्रमित करने वाले प्रसंगों से खुद को अलग रखना चाहिए।

इरफान हबीब

नाम - राजू श्रीवास्तव, हास्य कलाकार

उपलब्धियां - विदेशों में अब तक तीन हजार से ज्यादा शो, हास्य दुनियां के जाने माने कलाकार

अवार्ड मिलने के बाद भी राजू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह अवार्ड मैं अपने कानपुर के नलों को समर्पित करता हूं जो महिलाओं को देखकर सीटी मारते हैं क्योंकि पानी तो आता नहीं है। राजू श्रीवास्तव

नाम - दिनेश लाल यादव निरहुआ, भोजपुरी अभिनेता

उपलब्धियां - भोजपुरी इंटरनेशनल अवार्ड, व कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया

अपनी माटी से सम्मान मिलने पर हमेशा खुशी होती है। भोजपुरी भाषा और फिल्मों को आज पूरे भारत के साथ ही कई देशों में पसंद किया जा रहा है। जल्द ही हिंदी फिल्मों में आने की तैयारी कर रहा हूं। अपने प्रदेश का यश हमेशा बढ़ाता रहूंगा।

दिनेश लाल निरहुआ

नाम- अंकित तिवारी, गायक

उपलब्धियां - तीन बार बेस्ट म्यूजिक के लिए फिल्म फेयर अवार्ड, मोस्ट इंटरटेनिंग सांग आफ द इयर

मैं लखनऊ और कानपुर दोनों ही शहरों में खूब रहा हूं। आज जो भी सफलता मिली है उसमें यहां के लोगों का प्यार शामिल है। यश भारती अवार्ड का नाम सुनता था, आज मुझे मिला तो खुशी बहुत हो रही। ।

अंकित तिवारी

नाम - नरेन्द्र सिंह राणा- खिलाड़ी पावर लिफ्टिंग

उपलब्धियां - विश्व पावर लेफ्टिंग में गोल्ड, सिल्वर व कास्य पदक

किसी भी खेल को जब प्रोत्साहित किया जाता है तो निश्ििचत रूप से देश और विदेश में अच्छा संदेश जाता है.उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मान, सम्मान और धन देकर खिलाडि़यों के बारे में सोचा है।

नरेंद्र सिंह राणा

नाम - अपर्णा कुमार पर्वतारोहण

उपलब्धियां- रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार, वंदना लूथरा सम्मान

सरकार के द्वारा ये सम्मान मिलना बहुत ही गर्व की बात है ऐसे प्रोत्साहन मिलने से और ऊर्जा आ जाती है। सम्मान पाकर मैं बहुत ही खुश हूं। अपर्णा कुमारी

नाम - कमला श्रीवास्तव

उपलब्धियां- बेगम अख्तर सम्मान, शास्त्रीय गायन सम्मान, सरस्वरी सम्मान, लोक संगीत अवार्ड

लोक संगीत के लिए अवार्ड मिला है देर से मिला मगर जब सरस्वती की कृपा होती है तभी मिलता है। सरकार द्वारा ये सम्मान दिये जाने पर बहुत ही खुश हूं। कमला श्रीवास्तव

नाम - कुमकुम आदर्श

उपलब्धियां - कला नर्तकी सम्मान, कलिका बिंदादीन सम्मान, श्रृंगारमणि सम्मान

ये अवार्ड बहुत पहले मिल जाना चाहिए मैं अपनी खुशी को बता नहीं सकती ये सम्मान बहुत बड़ा है। इस बार लच्छू महाराज अवार्ड बड़े पैमाने पर होगा जिसमें माधुरी दीक्षित को बुलाने की कोशिश है। । कुमकुम आदर्श

नाम - अनवर जलालपुरी

उपलब्धियां- यूपी उर्दू अकादमी पुरस्कार, उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, माटी रत्‍‌न, इफ्तेखार ए मीर सम्मान

देर आये लेकिन दुरस्त आये। वक्त से पहले किसी को कुछ नहीं मिलता। मैं इस अवार्ड के लिए मुलायम सिंह यादव व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दूरदर्शिता का एहतराम करता हूं क्योकि इस अवार्ड से लोगों में काम करने का जूनून बढ़ेगा। अनवर जलालपुरी

राजू श्रीवास्तव के अवार्ड के दौरान हुई हूटिंग

यशभारती सम्मान के दौरान जब राजू श्रीवास्तव पुरस्कार लेने के लिए आये तो लोगों ने हूटिंग करनी शुरु कर दी। ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव के दौरान राजू श्रीवास्तव समाजवादी पार्टी से जुड़े थे मगर उसके बाद वो भारतीय जनता पार्टी में चले गये जिसके कारण सम्मान के दौरान उनकी हूटिंग हुई। अवार्ड के दौरान भी राजृू अपने निराले अंदाज में नजर आये जब उनको मुख्यमंत्री ने सम्मान दिया तो वो उस सम्मान को सिर पर रखकर वापस लौटे। जिसको देखकर मुख्यमंत्री और मंच पर बैठे सभी लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाये। इसके बाद राजू लौटकर आये और उन्होंने सपा प्रमुख मुलायम सिंह से मुलाकात की।

कथक प्रस्तुति में होली के रंग

यशभारती सम्मान समारोह के दौरान कथक प्रस्तुति भी हुई। जिसमें फूलों की होली खेलकर होली का शुभारम्भ किया। बिरजू महाराज के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति को कलाकारों ने बेहद शानदार तरीके से पेश किया जिसको देखकर सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गये।

दो लोगों को मिला आहिल्याबाई अवार्ड

यश भारती अवार्ड के साथ आहिल्याबाई अवार्ड से भी दो लोगों को नवाजा गया। जिन्हें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुद अपने हाथों से सम्मान देकर सम्मानित किया। जिनमें बरेली की अंजली मिश्रा और गीतकार समीर को ये सम्मान दिया गया। इस पुरस्कार की राशि पांच लाख रुपये है। अंजली मिश्रा जो उत्तराखंड घूमने गई थी वहां पर दो बच्चों को डूबता देख वो अपनी जान की परवाह करे बगैर कूद गई और दोनों को बचा लिया इस बहादुरी के लिए उनको पुरस्कृत किया गया। जबकि गीतकार समीर को फिल्म जगत में उत्कृष्ठ काम करने व गिनीज बुक आफ रिकार्ड में नाम दर्ज कराने के लिए सम्मान दिया गया।