- 50 से अधिक डलावघर हैं शहरभर में

- शासन ने दिए निर्देश, निगम ने शुरू की कार्रवाई

मितेंद्र गुप्ता

आई एक्सक्लूसिव

मेरठ। शहर के मुख्य मार्गो पर अब गंदगी के ढेर दिखाई नहीं देगें। दरअसल, नगर निगम ने शहर के मुख्य मार्गो से डलावघरों को हटाने की योजना बनाई है। इसके तहत कुछ स्थानों से डलावघरों को हटाया भी जाने लगा है।

बनेंगे आधुनिक डलावघर

शहर के मुख्य मार्गो से डलावघरों को हटाकर आधुनिक डलावघरों का निर्माण होगा। कूड़ाघरों पर डस्टबिन रखे जाएंगे। वहीं पर कूड़े का निस्तारण भी किया जाएगा। साथ ही शेष कूड़े को गावड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर ले जाया जाएगा।

50 से अधिक डलावघर

शहर में 50 से अधिक डलावघर ऐसे है, जो कि मुख्य मार्गो पर हैं। नगर निगम ने इनको हटाना शुरू कर दिया है। इसकी जगह नगर निगम ने नए डलावघर बनाने शुरू किए हैं। नगर निगम अपनी ही जमीन पर इनका निर्माण कर रहा है।

लोगों को मिलेगी राहत

मुख्य मार्गो पर डलावघर बंद होने से लोगों को खासी राहत मिलेगी। क्योंकि जहां पर भी मुख्य मार्गो पर डलावघर है वहां पर गंदगी का अंबार लगा रहता है। हालात यह हो जाती है कि लोगों का वहां से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

यहां पर हैं डलावघर

आर्यनगर, सूरजकुंड, मोहनपुरी, दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, वेस्टर्न कचहरी रोड, ईस्टर्न कचहरी रोड, बच्चा पार्क सहित शहर में 50 से अधिक स्थानों पर डलावघर हैं।

----

डलावघर तो बंद होने चाहिए। मुख्य सड़क व डलावघर का होने का क्या मतलब। यदि है भी तो वहां से रोजाना कूड़ा उठना चाहिए। देर से सही नगर निगम ने डलावघरों को हटाया तो सही।

-विकास शर्मा

शहर में कई स्थान ऐसे हैं जहां पर गंदगी के कारण निकलना तक दूभर हो जाता है। कम से कम नगर निगम को गंदगी की याद तो आई। अच्छा है यदि मुख्य सड़को से डलावघर हट जाते हैं।

-शोभित

डलावघर तो पहले ही हटा देना चाहिए था। डलावघर के कारण उस जगह से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार तो बीच सड़क तक कूड़ा आ जाता है। जिसके कारण जाम की समस्या हो जाती है।

-विवेक त्यागी

नगर निगम को यदि मुख्य सड़कों पर ही डलावघर बनाने हैं तो वहां से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था बनानी चाहिए। कूड़ा उठ जाए तो कोई समस्या नहीं है। लेकिन नगर निगम के सफाई कर्मी कूड़ा उठाते ही नहीं है।

-सचिन त्यागी

------

शासन के निर्देश पर शहर के मुख्य मार्गो से डलावघरों को हटाया जाएगा। डलावघरों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। जहां से डलावघर हट गए है वहां पर निगम ने अपनी जमीन पर डलावघर बनाएगा।

-डॉ। कुंवर सेन नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम