सिविल लाइंस एरिया से उठाए गए कई दुकानदार

ALLAHABAD: कुंभ मेला के लिए चल रही तैयारी का असर सबसे अधिक पटरी दुकानदारों पर पड़ रहा है। उन्हें दुकान लगाने के लिए अब तक जगह नहीं दी गई है। अब सड़कों व पटरियों से भी भगाया जा रहा है। गुरुवार को सिविल लाइंस थाना की पुलिस ने आस-पास के 51 दुकानदारों को उठाया और 151 में चालान कर दिया।

नो वेंडिंग जोन से दुकानें हटवाई

सिविल लाइंस के एमजी रोड को नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया है। इसके बाद भी ठेला व पटरी पर दुकानें लगती हैं। सरदार पटेल मार्ग के साथ ही आस-पास के अन्य इलाकों में दुकानें लगती हैं। इन्हें हटाने के लिए गुरुवार को सिविल लाइंस पुलिस ने अभियान चलाया। अभियान में दुकानदारों को हिरासत में लेकर 151 में चालान किया गया। बस से सभी को कचहरी ले जाकर जुर्माना लगाया गया।

व्यापारियों ने किया विरोध

पटरी दुकानदारों को उठाने और फिर चालान किए जाने का फुटपाथ व्यापारी एकता समिति ने विरोध किया। सिविल लाइंस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध जताने वालों में सुशील कुमार, अमित सिंह पूर्व पार्षद, विजय गुप्ता, विकास अग्रहरि, सुशील गुप्ता, राजू कनौजिया, प्रकाश साहू, विशाल कनौजिया, संगीता देवी, रीना देवी आदि शामिल रहे।