झांसा देकर बीएचएमएस डॉक्टर को बनाया निशाना, रिपोर्ट दर्ज

PRAYAGRAJ: हैलो, मैं ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से बोल रहा हूं। सर्वाधिक ऑनलाइन के लिए आप को कंपनी से 12 लाख रुपए के ईनाम मिले हैं। इसके लिए दो किस्तों में आप को 57 हजार रुपए खाते में जमा करने होंगे। इस तरह की एक कॉल के झांसे में आई बीएचएमएस डॉक्टर सृष्टि सिंह के 57 हजार डूब गए। उन्होंने मामले की शिकायत शिवकुटी थाने में की है।

जांच में जुटी पुलिस

मूल रूप से जौनपुर जिले के पालिटेक्निक चौराहा की सृष्टि पुत्री जगदीश सिंह यहां अनाथ आश्रम की टीचर मां के साथ रहती हैं। उन्होंने तेलियरगंज लालकोठी के पास किराए पर मकान ले रखा है। सृष्टि ने पुलिस को बताया कि वह ज्यादातर खरीदारी ऑनलाइन ही करती हैं। एक हफ्ते पहले उनके पास एक कॉल आई कि शॉपिंग कंपनी ने उन्हें 12 लाख रुपए का ईनाम दिया है। इसके लिए उन्हें 57 हजार रुपए दो किस्तों में देने होंगे। उसके बताए खाते में उन्होंने मांगी गई रकम डाल दी। पैसा खाते में जाने के बाद दोबारा कॉल आई कि इतनी ही रकम वे और दें। इस पर उन्हें झांसे का अंदेशा हुआ और उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा। तब कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि पैसे वापस नहीं होंगे। तब वह शिवकुटी थाना पहुंची। पुलिस जांच में जुटी है।