- मुख्य सचिव के निर्णय से प्रभावित होंगी 70 कॉलोनियां

- वर्ष 2001 में बनी महायोजना, तब हुआ 25 का चिन्हिकरण

GORAKHPUR: शहर में नियोजित विकास के लिए गठित गोरखपुर विकास प्राधिकरण अवैध ढंग से बसती जा रही कॉलोनियों पर लगाम नहीं कस सका। शहर के भीतर अवैध कॉलोनियों की तादाद बढ़ती जा रही है। करीब 70 से अधिक कॉलोनियां बनाकर बिल्डर्स ने पब्लिक को बसा दिया। ऐसा नहीं हुआ कि ये कॉलोनियां एक दिन में बसाई गई हैं लेकिन फिर भी जिम्मेदार सिर्फ तमाशा देखने में बिजी रह गए। जीडीए सचिव ने बताया कि अवैध कॉलोनियों को नियोजित करने के लिए कोई स्पष्ट आदेश नहीं मिला है।

12 हजार घरों पर है संकट

जीडीए से जुड़े लोग बताते हैं कि 943.80 हेक्टेयर पर अनियोजित आवासीय विकास हुआ। जिसमें 190.36 हेक्टेयर शासन ने भू-उपयोग में बदल दिया। लेकिन वर्तमान में 753.44 हेक्टेयर क्षेत्र में आवासीय विकास भू उपयोग के विपरीत हुआ। इसमें लगभग 211.12 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित कॉलोनियां 70 से अधिक हो गई। वर्ष 2001 में महायोजना 2021 बनी थी। तब सर्वे कराया गया तो सिर्फ 25 कॉलोनियां अवैध पाई गई। जबकि सबसे ज्यादा विकास बरगदवां, मोहरीपुर, जंगल तुलसीराम बिछिया, पादरी बाजार, मेडिकल कॉलेज रोड, देवरिया बाई पास, नौसढ़, सहजनवां कालेसर रोड पर भी हुआ। मकान बनाकर बेचने के चक्कर में कॉलोनाइजर्स ने जीडीए से ले-आऊट पास कराए बिना ही कॉलोनियां बना दीं। इससे करीब 12 हजार अवैध ढंग से बने घरों पर संकट बना हुआ है।

तो पब्लिक को मिलेंगी सुविधाएं

जीडीए के राजस्व को नुकसान पहुंचाकर बनी कॉलोनियों में पब्लिक को सुविधाएं मिल रही हैं। स्थानीय पार्षद और अन्य नेताओं की वजह से इन कॉलोनियों में बिजली, पानी और सफाई की सुविधाएं दी जाती हैं। सारे संसाधन होने के बावजूद ये कॉलोनियां अवैध की श्रेणी में शामिल हैं। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का कहना है कि बिजली और पानी की सुविधा मिलने से कोई इस बात को लेकर परेशान नहीं होता कि कॉलोनियां किस कटैगरी की हैं। कॉलोनियों को वैध करने में यहां के रहवासियों को काफी फायदा मिलेगा। इन कॉलोनियों के लोगों की समस्या दूर करने में जीडीए और नगर निगम के अफसर दिलचस्पी दिखाएंगे।

जीडीए की चिन्हित अवैध कॉलोनियां

कॉलोनी भूमि उपयोग

ईस्टनपुर कॉलोनी कृषि भूमि

आर्यनगर पीएसी आरक्षित भूमि

सैनिक विहार कृषि भूमि

विवेकानंद नगर प्रखंडीय पार्क भूमि

आदर्श नगर कॉलोनी प्रखंडीय पार्क

विवेक नगर प्रखंडीय पार्क भूमि

शांति नगर प्रखंडीय पार्क भूमि

मुलायम नगर प्रखंडीय पार्क भूमि

गोरक्षनगर क्षेत्रीय पार्क भूमि

विवेकानंदपुरी पीएसी आरक्षित भूमि

श्रीराम नगर कॉलोनी आरक्षित भूमि

गायत्रीनगर लालगंज कृषि भूमि

झरना टोला कृषि भूमि

मौर्या टोला कृषि भूमि

नंदानगर दरगहिया कृषि भूमि

सैनिक कुंज कृषि भूमि

महादेवपुरम (बशारतपुर पूर्वी) सामुदायिक भूमि

शक्ति नगर सामुदायिक भूमि

शिवाजी नगर सामुदायिक भूमि

शुभम कॉलोनी कृषि भूमि

राजीव नगर कृषि भूमि

पार्वती नगर कृषि भूमि

साकेत नगर कृषि भूमि

सिद्धार्थ नगर कृषि भूमि

फैक्ट फाइल

शहर में अवैध कालोनियां 70

जीडीए की चिन्हित कालोनियां 25

कालोनियों में कुल मकान 12000

वर्जन

अभी इस संबंध में कोई स्पष्ट आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलते ही कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे जीडीए के लिए भारी रेवन्यू जनरेट होगा। साथ ही पब्लिक को भी इसका फायदा मिल सकेगा। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोग निश्चिंत हो जाएंगे।

- रामसिंह, सचिव, जीडीए