महज 10 वार्डो पर निर्भर स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता का जिम्मा

देर शाम तक निगम में अपलोड हुआ 10 वार्डो का डाटा

Meerut। नगर निगम की अधूरी तैयारियों के साथ स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा शनिवार को खत्म हो गई। नगर निगम ने शनिवार देर शाम तक 10 सबसे अधिक साफ और सभी सुविधाओं वाले 10 वार्डो का चयन कर वेबसाइट पर डाटा अपलोड किया। अब इन 10 वार्डो की अपलोड जानकारी के आधार पर लखनऊ की टीम निरीक्षण वार्डो का मूल्यांकन करेगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को अंतिम दिन हमने मानकों के अनुसार 10 वार्डो की सूची अपलोड कर दी है। अब टीम द्वारा इनका निरीक्षण किया जाएगा।

इन वार्डो को मिली जगह

स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा जीतने के लिए नगर निगम ने इन 10 वार्डो के आधार पर सबसे अधिक अंक पाने का दावा किया है। इनमें वार्ड-20, 26, 32, 35, 36, 52, 53, 57, 63 और वार्ड 64 शामिल हैं। वेबसाइट पर इन वार्डो की स्वच्छता की तस्वीर के साथ साथ वार्डो में निगम द्वारा दी जा रही सुविधाओं का बखान किया गया है। लेकिन नगर निगम के दावों की हकीकत भी कुछ दिन बाद सामने आ जाएगी।

दिनभर की अपलोडिंग

नगरायुक्त कैंप कार्यालय में पूरे दिन फार्म अपलोड करने का काम जारी रहा। इस दौरान नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ भी मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के 316 वार्डो में से 10 वार्डो का आंकड़ा भेजा गया है, जिसके बाद ये तय होगा कि आखिर कौन सा वार्ड सबसे साफ है। सबसे स्वच्छ वार्ड को 25 दिसंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री व लोकल स्तर पर डीएम द्वारा सम्मानित किया जाएगा।