umesh.mishra@inext.co.in

PATNA : समय पर सरकार का टैक्स जमा करना चाहिए। कभी टैक्स की चोरी नहीं करनी चाहिए। ऐसी नैतिक बातें जिन कॉलेजों में पढ़ाई जाती है, वहीं कॉलेज पिछले कई साल से नगर निगम का होल्डिंग टैक्स तक जमा नहीं कर रहे हैं। पटना यूनिवर्सिटी के 8 कॉलेजों में यह बकाया 12 करोड़ रुपए से अधिक का हो चुका है। नगर निगम को 10 हजार मकानों से इतना टैक्स मिलता है जितना केवल 8 कॉलेजों पर बकाया हो चुका है। यह कॉलेज अपना टैक्स आज जमा कर दें तो शहर में एक दर्जन सड़कें बनाई जा सकती है। पटना कॉलेज ने पिछले 15 साल से टैक्स जमा नहीं किया है, इस कॉलेज का टैक्स 4 करोड़ रुपए को भी पार कर गया है। यही नहीं सैदपुर कैंपस ने तो 24 साल से टैक्स जमा नहीं किया है। नगर निगम बार-बार यूनिवर्सिटी के आला अधिकारियों को टैक्स जमा करने के लिए पत्राचार कर रहा है लेकिन कहीं कोई जवाब नहीं मिल रहा।

हर साल 80 लाख का टैक्स

निगम शहर के सभी संस्थानों से हर साल होल्डिंग टैक्स वसूलती है। इसी टैक्स से वह शहर का विकास करती है। पीयू के 8 कॉलेजों को हर साल 80 लाख रुपए होल्डिंग टैक्स देना होता है। लेकिन यह आठों कॉलेज पिछले कई साल से टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। बीएन कॉलेज ने 4 साल पहले तक टैक्स जमा किया था लेकिन वह भी अब टैक्स नहीं दे रहा है।

जारी हो रहा नोटिस

निगम ने सभी कॉलेजों के प्रिंसिपल के अलावा पीयू के कुलसचिव को दिया है। नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव तक को इस बकाये की जानकारी दे दी है। निगम ने पीयू और कॉलेज से बकाया होल्डिंग टैक्स भुगतान के लिए 31 जुलाई 2018 की तिथि निर्धारित की थी। उसके बावजूद आज तक टैक्स जमा नहीं किया गया है। 15 दिन पहले निगम ने एक बार फिर यूनिवर्सिटी को रिमाइंडर भेजा है।

पैसा नहीं तो कहां से चुकाए टैक्स

पटना यूनिवर्सिटी के कुलसचिव ने प्रधान सचिव शिक्षा विभाग को भेजे गए पत्र में कहा है कि विवि को सिर्फ सरकार से शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के वेतन और पेंशन के लिए अनुदान दिए जाते हैं। इसके अलावा किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं मिलता। यहां तक की स्टेट्यूटरी ग्रांट भी 2006-07 से विमुक्त नहीं किया गया। विवि की आय इतनी अधिक नहीं है कि बकाया भुगतान किया जा सके। इसलिए प्रधान सचिव खुद के स्तर पर बकाया होल्डिंग टैक्स राशि का भुगतान करवाएं।

कॉलेज बकाया डेट होल्डिंग टैक्स

बीएन कॉलेज 4 साल 53,92,568

पटना लॉ कॉलेज 8 साल 51,26,343

पटना ट्रेनिंग कॉलेज 11 साल 17,74,536

पटना कॉलेज 15 साल 4,06,05,518

पटना सायंस कॉलेज 11 साल 2,77,20,956

सैदपुरा कैंपस 24 साल 2,25,70,607

पटना विश्वविद्यालय 12 साल 1,31,39,563

यूनिवर्सिटी और कॉलेज शिक्षा विभाग में एक सरकारी उपक्रम हैं। जिन्हें प्रोसेज के तहत होल्डिंग टैक्स के लिए नोटिस दिया गया है। अगर होल्डिंग टैक्स जमा नहीं कराया जाता है तो नगर निगम शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों तक पत्र भेजेगा।

विशाल आनंद, उप नगर आयुक्त

होल्डिंग टैक्स के लिए राज्य सरकार कंटिजेंसी ग्रांट देती थी। लेकिन यह वर्ष 2003 के बाद से नहीं मिला है। जो ग्रांट मिलता है वह महज एक करोड़ रुपए मिलता है। इसमें अन्य खर्चे भी देने होते हैं, वह नाकाफी है। राज्य सरकार को राशि के लिए पत्र लिखा गया है लेकिन अभी प्रतिउत्तर नहीं मिला है।

डॉ रास बिहारी प्रसाद सिंह, वीसी, पटना यूनिवर्सिटी