22 की शाम को चालू हो जाएगी हाईकोर्ट फ्लाईओवर की एक लेन

इसके बाद खत्म हो जाएगा कैंट और लूकरगंज का चक्कर

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहर पश्चिमी में रहने वाले हजारों लोगों के लिए गुड न्यूज है। अब धूमनगंज, सुलेमसराय, मुंडेरा आदि एरिया में रहने वाले लोगों को सिविल लाइंस की तरफ आने और जाने के लिए कैंट एरिया व लूकरगंज का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जाम का झाम भी नहीं रहेगा। 21 नवंबर यानी बुधवार को पिछले करीब साढ़े तीन महीने से बंद कानपुर रोड चालू हो जाएगा।

चल रहा है काम

सेतू निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सतीश कुमार ने बताया कि 21 नवंबर की सुबह पानी टंकी चौराहा से कानपुर की तरफ जाने वाली रोड को चालू कर दिया जाएगा। धूमनगंज से सिविल लाइंस की ओर आने वाली रोड पर काम चल रहा है।

चालू होगा फ्लाईओवर

करीब एक वर्ष से निर्माणाधीन हाईकोर्ट फ्लाईओवर का निर्माण भी अब लास्ट फेज में है। फ्लाईओवर की रोड को ब्लैक करने का काम दो दिन से चल रहा है। 22 नवंबर की शाम को हाईकोर्ट फ्लाईओवर की धूमनगंज की तरफ जाने वाली लेन को चालू कर दिया जाएगा। 26 नवंबर की शाम तक फ्लाईओवर की दूसरी लेन को भी चालू कर दिया जाएगा।

पांच अगस्त को किया गया था बंद

- 7 अक्टूबर से कानपुर रोड खुलना था, लेकिन काम की रफ्तार धीमी होने से एक महीने के लिए समय बढ़ाया गया।

- 5 नवंबर से कानपुर रोड चालू करने की तैयारी थी, लेकिन रोड का काम पूरा न होने की वजह से 15 दिन का समय और बढ़ाया गया।

- अब 21 नवंबर से चालू हो जाएगी कानपुर रोड की एक लेन, दूसरी लेन भी रहेगी चालू, लेकिन दूसरी लेन की रोड अभी बननी है।

पानी टंकी चौराहे से कानपुर की तरफ जाने वाली रोड को 21 नवंबर की सुबह चालू कर दिया जाएगा। वहीं 22 की शाम हाईकोर्ट फ्लाईओवर की एक लेन भी चालू हो जाएगी। 26 तक फ्लाईओवर की दोनों लेन चालू हो जाएगी।

सतीश कुमार

चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम