अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है महिला

तहरीर के आधार पर सोरांव थाने में पति समेत चार के खिलाफ केस

ALLAHABAD: सोरांव थाना क्षेत्र के मलाक हरहर गांव में शनिवार रात करीब एक बजे बेटी के सामने एक व्यक्ति ने चाकू से पत्‍‌नी पर हमला कर दिया। एक के बाद एक कई वार से महिला खून से तरबतर हो गई। मां की यह दशा देख बेटी चीख पड़ी। आवाज सुन लोग दौड़े तो हमलावर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर हाल में महिला को अस्पताल ले गई। वहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।

लंबे समय से चल रहा है विवाद

गांव निवासी सावित्री देवी का पति प्यारेलाल से विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शनिवार रात सावित्री बेटी के साथ घर में सोई थी। आरोप है कि रात में पति प्यारेलाल, उसकी बहन, जीजा और भांजा सावित्री के कमरे में घुसे और मुंह दबाकर चाकू व ईंट से हमला कर दिया। सावित्री की चीख सुनकर बेटी उठ गई और शोर मचाने लगी। चीख सुनकर आस पास के लोग दौड़े। लोगों को आते देख हमलावर फरार हो गए। थाना प्रभारी ओमशंकर शुक्ला ने बताया कि घायल सावित्री की तहरीर पर चारों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।