RANCHI: पश्चिमोलर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने राजधानी का पारा गिरा दिया है। इससे ठंड अचानक बढ़ गई है। आसमान साफ होने और न्यूनतम तथा अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के डायरेक्टर बीके मंडल ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का असर राजधानी पर है। वहां से जो बर्फीली हवाएं आ रही हैं उनसे ठंड अधिक महसूस हो रही है। दिसंबर में यह स्थिति सामान्य भी है, क्योंकि दिसंबर और जनवरी में ही यहां सर्वाधिक ठंड पड़ती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी में दिन का तापमान 24.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि रात का तापमान 10.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।

तापमान धीरे-धीरे गिरेगा

पर्यावरणविद् डॉ नितिश प्रियदर्शी ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है और वहां से होकर जो सर्द हवाएं आ रही हैं वो ठंडक बढ़ा रही हैं। रांची चूंकि ऊंचाई पर स्थित है, इसलिए यहां इन हवाओं का असर ज्यादा हो रहा है। रांची और पूरे झारखंड में इस साल बारिश अधिक हुई है, इसलिए मिट्टी में नमी है। इसलिए दोपहर में धूप खिली रहने के कारण हल्की गर्माहट महसूस होगी, लेकिन सुबह और शाम में ठंड महसूस होगी। धीरे-धीरे तापमान में और गिरावट आएगी। इससे ठंड का असर बढ़ेगा।

वायु सेवाओं पर असर नहीं

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर अनिल विक्रम ने बताया कि ठंड का वायु सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। फ्लाइट्स समय पर ही जा रही हैं। वहीं रांची रेल मंडल के सीनियर डीओएम नीरज कुमार ने बताया कि ठंड से रांची डिवीजन की गाडि़यों पर तो कोई असर नहीं पड़ा है, पर बाहर से आनेवाली रेलगाडि़यां खासकर दिल्ली से आनेवाली रेलगाडि़यां लेट हो रही हैं। हर साल ठंड के समय यह स्थिति बनती है। आनेवाले समय में कानपुर और इलाहाबाद जैसे स्थानों से आनेवाली रेलगाडि़यां ठंड के कारण लेट हो सकती हैं।

बॉक्स का मैटर

ऐसा रहेगा अगले छह दिनों का मौसम

दिन अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान स्थिति

19 दिसंबर 24 डिग्री 10 डिग्री सुबह में कुहासा

20 दिसंबर 24 डिग्री 10 डिग्री सुबह में कुहासा

21 दिसंबर 25 डिग्री 11 डिग्री सुबह में कुहासा

22 दिसंबर 25 डिग्री 11 डिग्री आसमान साफ रहेगा

23 दिसंबर 24 डिग्री 10 डिग्री आसमान साफ रहेगा

24 दिसंबर 24 डिग्री 10 डिग्री आसमान साफ रहेगा