RANCHI: राजधानी का तापमान करीब-करीब 2 डिग्री पर पहुंच गया है। विगत 24 घंटे में राजधानी रांची के तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की गई है। इसमें करीब एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। राजधानी से सटे कांके क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 22 दिसंबर को 2.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। यहां का तापमान 21 दिसंबर को 3.3 डिग्री सेल्सियस और 20 दिसंबर को 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह तापमान बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग ने दर्ज किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कनकनी बढ़ने से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

जीरो ड्रिग्री जाता है कांके का पारा

कांके का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया गया है। बीते साल लगातार दो दिन तापमान शून्य डिग्री तक गया था। बीएयू के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष डॉ ए वदूद के मुताबिक इस मौसम में तापमान में गिरावट लाजिमी है। इसमें उतार-चढाव हवा के चलने की गति पर भी निर्भर करता है। तापमान में गिरावट से हवा में कनकनी अपेक्षाकृत बढ़ गई है।

डॉक्टरों ने जारी किए अलर्ट

गिरते तापमान में लोगों को सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। घर से बाहर निकलने के पहले गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्चे और बूढ़ों को बिना गर्म कपड़ों के बाहर नहीं निकलने दें। दिन में धूप निकलने से कई लोग गर्म कपड़ों की अनदेखी करते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में बाहर निकलने से पहले गर्म कपड़े पहन लें। इसकी अनदेखी नहीं करें। यह उनके लिए हानिकारक हो सकता है।

बीते चार दिनों में राजधानी का तापमान

तारीख अधिकतम न्यूनतम

19 दिसंबर 22.3 4.4

20 दिसंबर 21.5 4.2

21 दिसंबर 20.4 3.3

22 दिसंबर 19.4 2.2

नोट -आंकड़े बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के हैं। तापमान डिग्री सेल्सियस में

वर्जन

बढ़ती ठंड के कारण लोगों को हार्ट अटैक का खतरा काफी बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकलें साथ ही बुजुर्गो और हार्ट के मरीजों को पूरी एहतियात के साथ रहना चाहिए।

डॉ। रितेश, हार्ट स्पेशलिस्ट, आलम नर्सिग होम