RANCHI: रविवार को रांची के कांके का तापमान जहां शून्य डिग्री रिकार्ड किया गया वहीं मैक्लुस्कीगंज में तापमान माइनस में चला गया। इसके अलावा खलारी का मिनिमम टेम्परेचर तीन व रांची का 4.6 डिग्री मापा गया। कांके में सुबह में घास पर ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो चुकी थीं तो पूरे जिले में कड़ाके की ठंड के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। छुट्टी का दिन होने के बावजूद लोग दिन भर घरों में दुबके रहे। हद तो तब हो गई जब दोपहर बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय कांके के अनुसार, रविवार को कांके का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शीतलहर का कहर

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रांची के अधिकतम तापमान में सामान्य तापमान की अपेक्षा 1.7 व न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि फिलहाल झारखंड के उपर अथवा आसपास कोई सिस्टम कारगर नहीं है। उत्तर-पश्चिम की ओर शुष्क व बर्फीली हवा के प्रवाह के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। शाम ढलते ही ठंड शुरू हो जा रही है, जो दिन में धूप निकलने तक रहती है। शीतलहर से परेशानी बढ़ गई है।